केरल: कन्नूर हिंसा के लिए सीएम विजयन ने भाजपा और संघ को बताया जिम्मेदार

0

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर कन्नूर जिले में जानबूझकर तनाव उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि सरकार खून खराबा खत्म करने के लिए वार्ता का प्रस्ताव करती है।

कन्नूर में माकपा और भाजपा के बीच लगातार हो रहे संघर्ष पर कार्यस्थगन प्रस्ताव के नोटिस का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार सभी पहलुओं पर गौर कर रही है और पुलिस निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई कर रही है।’’ नोटिस कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री केसी जोसेफ ने दिया था।

विजयन ने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ कन्नूर में जानबूझकर तनाव उत्पन्न कर रहे हैं।

क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए सर्व दलीय बैठक बुलाने की विपक्ष की मांग पर विजयन ने कहा कि सरकार इसके खिलाफ नहीं है।

भाषा की खबर के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ लेकिन पहले हमें कन्नूर में जिला स्तरीय बैठक बुलाने दें और बाद में अगर जरूरी हुआ तो राज्य स्तरीय बैठक बुलाई जा सकती है।’’ जोसेफ ने कहा कि चार महीने पहले एलडीएफ के सत्ता में आने के बाद से जिले में सात राजनीतिक हत्याएं हो चुकी हैं और हिंसा के लिए उन्होंने माकपा और भाजपा दोनों को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने दोनों पार्टियों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुये उनसे बदले की भावना छोड़ने का आग्रह किया।

Previous articleBJP MLA warns theatres to not screen Karan Johar’s movie casting a Pakistani actor
Next articleबर्ड फ्लू की दहशत से दिल्ली का चिड़ियाघर अगले आदेश तक के लिए बंद