सिद्धू के बाद कीर्ति आज़ाद की पत्नी भी शामिल हो सकती हैं ‘आप’ में, कुमार विश्वास ने शत्रुघ्न सिन्हा की ओऱ भी इशारा किया

0

नवजोत सिंह सिद्धू के बाद अब निलंबित भाजपा सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी और तीन बार पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल रहीं पूनम आजाद भाजपा छोड़ने की तैयारी में है। वह आम आदमी पार्टी :आप: में शामिल होने वाली हैं।

पूनम आजाद से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह ‘जल्द’ इस्तीफा देंगी और आप में शामिल होंगी। मौजूदा समय में वह दिल्ली की भाजपा इकाई की प्रवक्ता हैं। पहले वह दिल्ली भाजपा की उपाध्यक्ष थीं।

पीटीआई भाषा की खबर के अनुसार, भाजपा कार्यकारिणी की तीन बार सदस्य रहीं पूनम पिछले कुछ वषरें में पार्टी के भीतर हाशिये पर जाती दिखाई दीं।

पति कीर्ति आजाद के पार्टी से निलंबन के कारण भी उन्होंने भाजपा को अलविदा कहने का फैसला किया। डीडीसीए में कथित घोटाले को लेकर आजाद ने वित्त मंत्री अरूण जेटली पर निशाना साधा था जिसके बाद उनको निलंबित किया गया था।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘पति-पत्नी दोनों भाजपा में अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं।’’ सूत्र ने कहा कि कीर्ति आजाद ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे क्योकि ऐसा करने पर उनकी लोकसभा की सदस्यता चली जाएगी।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कुमार विश्वास, ने ट्वीट करते हुए इशारा किया कि जल्द ही शत्रुघ्न सिन्हा भी ‘आप’ में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा , “आप” की “शत्रुघ्न” “कीर्ति” “सिद्ध” होने को है”

सिद्धू और कीर्ति आज़ाद की तरह शत्रुघ्न सिन्हा भी एक लम्बे समय से पार्टी से नाराज़ चल रहे हैं और समय समय पर पार्टी के नेतृत्व की आलोचना भी करते रहे हैं।

Previous articleDoes cow urine cause serious diseases such as liver failure and arthritis-causing brucellosis?
Next articlePhoto essay on Indrani Mukerjea: A painful journey from rich and famous to life of solitary confinement