हमेशा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर विशाल ददलानी ने समाचार चैनल टाइम्स नाउ की एंकर नविका कुमार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारत के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने के लिए भाजपा समर्थक अभिनेत्री कंगना रनौत पर निशाना साधा है।
कंगना रनौत की विवादास्पद टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विशाल ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पेज पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें वे भगत सिंह की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, उस पर “जिंदाबाद” शब्द लिखा हुआ है।
तस्वीर के साथ ददलानी ने लिखा, “उस महिला को याद दिलाएं जिसने कहा था कि हमारी स्वतंत्रता” भीख थी। मेरी टी-शर्ट पर शहीद सरदार भगत सिंह, नास्तिक, कवि दार्शनिक, स्वतंत्रता सेनानी, भारत के पुत्र और किसान पुत्र हैं। उन्होंने 23 साल की उम्र में हमारी आजादी के लिए, भारत की आजादी के लिए अपना जीवन दे दिया, और अपने होंठों पर एक मुस्कान और एक गीत गाते हुए फांसी पर चढ़ गए।”
उन्होंने आगे अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में लिखा है जिन्होंने “भीख लेने से इनकार कर दिया था।” उन्होंने लिखा है “उसे याद दिलाएं, सुखदेव, राजगुरु, अशफाकउल्लाह, और हजारों अन्य जिन्होंने झुकने से इनकार कर दिया, उन्होंने भीख मांगने से इनकार कर दिया। उसे विनम्रता से याद दिलाएं, लेकिन दृढ़ता से, ताकि वह फिर कभी भूलने की हिम्मत न करे।”
गौरतलब है कि, कंगना रनौत ने टाइम्स नाउ समिट में विवादित बयान देते हुए कहा था कि 1947 में देश को मिली आजादी भीख थी और असल आजादी 2014 में मिली है। कंगना के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनका इशारा भाजपा के केंद्र में सत्तासीन होने की ओर था। वह अपने इस बयान से आलोचनाओं से घिर गई हैं।
कंगना के इस बेतुके बयान से देशवासियों में अभिनेत्री के खिलाफ रोष पैदा हो रहा है और वे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, कई लोग कंगना से पद्मश्री वापस लेने की भी मांग कर हैं। यहां तक कि कंगना रनौत के खिलाफ कई जगहों पर शिकायते भी दर्ज की गई है, जबकि कुछ लोगों ने सड़कों पर उनके पुतले भी फूंके।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]