नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने रचाई शादी, शेयर की निकाह की तस्वीरें

0

नोबेल पुरस्कार विजेता और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली मलाला यूसुफजई विवाह बंधन में बंध गई हैं। मलाला ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया उन्होंने असर मलिक से निकाह किया। इसके साथ ही उन्होंने असर मलिक और परिवार के साथ निकाह की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं।

मलाला यूसुफजई

मलाला ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, “आज का दिन मेरे जीवन का एक अनमोल दिन है। असर और मैं जीवनभर के लिए शादी के बंधन में बंध गए हैं। हमने अपने परिवारजनों के साथ बर्मिघम में एक छोटा निकाह समारोह आयोजित किया। हमें दुआएं दें। हम एक साथ इस सफर को बिताने के लिए उत्साहित हैं।”

अभिभूत पिता जियाउद्दीन यूसुफजई ने ट्वीट किया, “यह शब्दों से परे है। तूर पेकाई और मैं खुशी और कृतज्ञता से अभिभूत हैं। अल्हम्दुलिल्लाह।” यूसुफजई के विवाह की जानकारी मिलने पर लोग उन्हें बधाई और शुभकामना संदेश भेज रहे हैं।

गौरतलब है कि, पाकिस्तान की मानवाधिकार कार्यकर्ता यूसुफजई को लड़कियों की शिक्षा के लिए बिना किसी खौफ के आवाज उठाने के लिए स्वात घाटी में 2012 में तालिबानी आतंकवादियों ने उस वक्त गोलियां मारी थीं, जब वह स्कूल से घर लौट रही थीं। बेहतर इलाज के लिए यूसुफजई को इंग्लैंड के शहर बर्मिंघम लाया गया था।

ठीक होने के बाद यूसुफजई ने फिर से स्कूल जाना शुरू किया और जून 2020 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड से स्नातक किया। इस दौरान भी वह लड़कियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए आवाज उठाती रहीं। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleजोधपुर: तेज रफ्तार ऑडी कार ने कई लोगों को रौंदा, एक की मौत; CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात
Next articleउत्तर प्रदेश: कासगंज में पुलिस हिरासत में 22 वर्षीय युवक की मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, 5 पुलिसकर्मी निलंबित