हरियाणा के रोहतक से भाजपा सांसद डॉ अरविंद शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह विवादित बयान देते हुए नज़र आ रहा है। वह कांग्रेस को धमकी देते हुए कहा कि वह पार्टी के सहयोगी मनीष ग्रोवर का विरोध करने वालों की “आंखें निकाल लेंगे और हाथ काट देंगे”।
सांसद शर्मा ने कहा कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके कार्यकर्ता अगर मनीष ग्रोवर की तरफ आंख उठाएंगे तो उनकी आंख निकाल लेंगे और हाथ उठाया तो हाथ काट देंगे। भाजपा सांसद द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रम में दी गई इस भयावह धमकी का वहां मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
#WATCH | Congress&Deepender Hooda should listen
that if anyone dares to look towards Manish Grover (BJP leader) then we'll take their eyes out. If they put hands on him then their hands will be chopped off: BJP MP Dr Arvind Sharma in Haryana's Rohtak on yday's incident at Kiloi pic.twitter.com/RhhZuq0PGL— ANI (@ANI) November 6, 2021
बता दें कि, शुक्रवार को रोहतक जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष ग्रोवर को किलोई गांव के मंदिर परिसर में गुस्साए किसानों ने घेर लिया था और कई घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा था। ग्रोवर ने केंद्र के नए कृषि कानूनों का विरोध करने वालों को “बेरोजगार शराबियों” और “बुरे तत्व” कहा था। उन्होंने कहा था कि ये लोग विरोध प्रदर्शनों को लंबा करने का इरादा रखते हैं। ग्रोवर के इस बयान पर किसान भड़क गए थे और उन्हें बंधक बना लिया था।
भाजपा नेता और उनके समर्थक करीब आठ घंटे तक मंदिर के अंदर फंसे रहे, जिसके बाद ग्रोवर बाहर हाथ जोड़े नजर आए। इसके बाद ही बंधक बनाए गए लोगों को जाने दिया गया। मंदिर के अंदर बंधक बनाए गए अन्य लोगों में मंत्री रवींद्र राजू, रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल और पार्टी नेता सतीश नंदल थे।
बता दें कि, दिल्ली के बॉर्डर पर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों के किसान केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर करीब 11 महीने से धरने पर बैठे हुए हैं।