“महिलाएं शाम 5 बजे अंधेरा होने के बाद न जाएं थाने”: भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं को दी नसीहत, विपक्ष ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं को अंधेरा होने के बाद पुलिस थाने नहीं जाने और जरूरत पड़ने पर परिवार के किसी पुरुष सदस्य के साथ ही थाने जाने की सलाह दी है। उनके इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बेबी रानी मौर्य

एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए बेबी रानी मौर्य ने कहा कि थानों में महिला अधिकारी और सब इंस्पेक्टर रहते हैं। परंतु में कहूंगी कि महिलाएं पांच बजे के बाद अंधेरा होने पर थाने कभी न जाएं। यदि जरूरी हो तो अगले दिन सुबह अपने भाई, पिता या पति को साथ लेकर ही थाने जाएं।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में व्यवस्थाओं में काफी बदलाव हुआ है और महिलाओं के लिए काफी काम हुआ है। उन्होंने ये भी कहा कि अगर प्रदेश में कोई भी अधिकारी बदमाशी कर रहा है तो उसकी शिकायत डीएम, सीएम या फिर PM को चिट्ठी लिखकर की जा सकती है।

पूर्व राज्यपाल ने यह सलाह शुक्रवार को वाराणसी के बजरडीहा इलाके की वाल्मीकि बस्ती में आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए दी। बेबी रानी के इस बयान के बाद पुलिस की छवि पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

मौर्य के बयान को बसपा सांसद कुवंर दानिश अली ने उत्तरप्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मौर्य के बयान का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘योगी आदित्यनाथ के राज में पुलिस थाने महिलाओं के लिए इतने असुरक्षित हो गये हैं कि पूर्व राज्यपाल व भाजपा उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य चेतावनी दे रही हैं कि थानों में शाम पांच बजे के बाद कंप्लेन दर्ज कराने न जाएं क्योंकि वहां शाम के समय महिला का जाना ख़तरे से ख़ाली नहीं है।’’

Previous articleपश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने गोवा दौरे से पहले विपक्षी दलों से की BJP के खिलाफ एकजुट होने की अपील
Next article“वोट देना हो तो देना, नहीं देना हो तो मत देना”: किसानों से बोले योगी के मंत्री मनोहर लाल पंथ; कांग्रेस नेता ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना