झारखंड: देर रात पुलिस छापामारी के दौरान 65 साल की बुजुर्ग महिला की मौत, परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

0

झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीपोना गांव में बुधवार की देर रात पुलिस की छापामारी के दौरान 65 साल की एक बुजुर्ग महिला उमानो देवी की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्से फूट पड़ा है। महिला के परिजनों और गांव के लोगों का आरोप है कि उनकी मौत पुलिस की पिटाई से हुई है। इस घटना के बाद गांव के सैकड़ों लोग इकट्ठा होकर प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे है।

झारखंड

गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ की विधायक ममता देवी, हजारीबाग के पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय सहित विभन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में गांव में जमा हैं। आक्रोशित ग्रामीणों की मांग है कि महिला की मौत के लिए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इधर, गांव और आस-पास के इलाके में पसरे तनाव को देखते हुए बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

बता दें कि, पिछले शनिवार को बड़कीपोना गांव में प्रशासन की अनुमति के बिना रावण दहन कार्यक्रम हो रहा था। पुलिस इस कार्यक्रम को रुकवाने गयी थी तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसमें आठ पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। इसके बाद पुलिस ने इस गांव के दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। गांव में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रही। इसके बाद बुधवार की रात को भी पुलिस ने पथराव की घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के नाम पर गांव के कई घरों में दबिश दी।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीणों के अनुसार रात 12 बजे पुलिस ने चानो महतो के घर का दरवाजा खटखटाया। जिससे घर के लोग भयभीत हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बीच पुलिस ने दरवाजे पर जोरदार धक्का देकर अंदर घुस गई और घर में मौजूद 65 वर्षीय उमानो देवी और उनकी पोती प्रभा कुमारी की पिटाई की। उमानो देवी गिर गई और उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस ने घर में तोड़-फोड़ भी मचाई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने महिला से मारपीट की बात से इनकार किया है। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होने तक महिला के शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। घटना के बाद से ही बड़कीपोना सहित आस-पास के गांवों में तनाव कायम हो गया है। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

रामगढ़ के मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा सहित गोला, बरलंगा व रजरप्पा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। रामगढ़ की कांग्रेस विधायक ममता देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर आक्रोश जताया है। उन्होंने रामगढ़ के एसपी को फोन कर इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Previous articleRajasthan RPSC RAS Prelims 2021 Admit Card Released: RPSC RAS प्रीलिम्स परीक्षा 2021 के एडमिट कार्ड जारी, rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर ऐसे करें डाउनलोड
Next articleपुडुचेरी: 16 साल की महिला क्रिकेटर ने कोच पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, मामले की जांच में जुटी पुलिस