उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार को किसानों की महापंचायत को कवर करने पहुंची समाचार चैनल ‘आज तक’ की एंकर चित्रा त्रिपाठी का किसानों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। चित्रा को देखकर किसानों ने ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस घटना के कुछ वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसपर यूजर्स भी जमकर अपनी प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल रहे वीडियो में दिख रहा है कि, किसानों की कुछ भीड़ एंकर चित्रा त्रिपाठी और कैमरा मैन का घेरावकर उनका विरोध कर रहे है। जब एंकर वहां से निकलती हैं तो कुछ लोग उनके पीछे चलने लगते हैं। इनके हाथ में किसान संगठनों के झंडे भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान किसानों ने गोदी मीडिया हाय-हाय के नारे भी लगाए।
इस वीडियो के सामने आते ही चित्रा त्रिपाठी और ‘गोदी मीडिया’ ट्विटर पर ट्रेंड करने लगीं। एक पक्ष जहां इस हमले की निंदा कर रहा है तो दूसरा धड़ा मीडिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने इस तरह के आयोजन को कवर करने के लिए एक महिला एंकर को भेजने के लिए इंडिया टुडे ग्रुप के फैसले पर भी सवाल उठाया।
मुजफ्फरनगर में आज तक की एंकर चित्रा त्रिपाठी को घेरकर 'गोदी मीडिया हाय-हाय' के नारे लगाए गए. pic.twitter.com/j3D1m4XPsU
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) September 5, 2021
ये वीडियो उनके लिए जो किसानों को बदनाम करेंगे कि किसानों ने चित्रा त्रिपाठी से धक्का मुक्की या हिंसा की. आँख खोल के देख लें किसान बाइज़्ज़त सम्मान से विदा कर रहे हैं, सुरक्षा भी दे रहे हैं, पर ये साफ़ है कि एजेंडा नहीं चलने देंगे. pic.twitter.com/1mh9END0IH
— Shyam Meera Singh (@ShyamMeeraSingh) September 5, 2021
गौरतलब है कि, कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने रविवार को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत का आह्वान किया था। इस महापंचायत में देशभर के 300 से ज्यादा सक्रिय संगठन शामिल हुए थे। बीकेयू नेता राकेश टिकैत और योगेंद्र यादव जैसे बड़े किसान नेता भी महापंचायत के मंच पर मौजूद थे।
महापंचायत में किसानों ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ प्रचार करने का संकल्प लिया है। दोनों राज्यों में फिलहाल भाजपा की सरकारें हैं।