नवजोत सिंह सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की संभावना पर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर दर्ज कराया विरोध

0

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया है। नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक उथल-पुथल भी तेज हो गई हैं।

(Pardeep Pandit/HT File Photo)

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पत्र में इस बात का उल्लेख किया है कि पुराने नेताओं की उपेक्षा करने का आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत की संभावना पर विपरीत असर हो सकता है। उन्होंने यह पत्र ऐसे समय लिखा है जब ऐसी चर्चा है कि कांग्रेस आलाकमान सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष और कोई अन्य महत्वपूर्ण भूमिका दे सकता है।

पंजाब में कांग्रेस में अंदरूनी कलह बढ़ने के बीच नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज हरीश रावत ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। हालांकि, इस मुलाकात के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया। लेकिन हरीश रावत ने एक बार फिर ये बात दोहराई की जो भी फैसला होगा आप सभी को जल्द बता दिया जाएगा।

पंजाब कांग्रेस इंचार्ज हरीश रावत ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा था, कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष को मैं अपना नोट सबमिट करने आया था। पंजाब को लेकर सोनिया गांधी जो फैसला लेंगी और मुझे पता लगेगा तो मैं तुरन्त सबसे पहले आपको आकर बताऊंगा। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या सिद्धू को अध्यक्ष बनाया जा रहा है? इस सवाल के जवाब में रावत ने कहा कि, किसने कहा कि सिद्धू अध्यक्ष बनाये जाएंगे?

उल्लेखनीय है कि, पिछले कुछ महीनों से पंजाब कांग्रेस में खुलकर कलह देखने को मिल रही है। पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और कुछ अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पार्टी में कलह को दूर करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस समिति ने मुख्यमंत्री समेत पंजाब कांग्रेस के 100 से अधिक नेताओं की राय ली और फिर अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंपी।

पिछले दिनों अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सिद्धू भी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिले थे। वहीं, अमरिंदर सिंह पहले ही कह चुके हैं कि वह पार्टी के आलाकमान के फैसले का पालन करेंगे। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleअमेरिकी सांसदों ने भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति पर चिंता जताई, भारत ने किया खारिज
Next articleशायर मुनव्वर राना की बेटी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप