UP Panchayat Election 2021: BJP ने पंचायत चुनाव में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी की उम्मीदवारी रद्द की

0

UP Panchayat Election 2021: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंचायत चुनाव में दुष्कर्म के आरोप में उम्र कैद की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर की उम्मीदवारी रद्द कर दी है।
संगीता को उन्नाव जिले में जिला पंचायत सदस्य चुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवार घोषित करने के चौथे दिन यह घटनाक्रम हुआ।

कुलदीप सिंह सेंगर
(TOI photo/Manoj Chhabra)

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को एक बयान में कहा, ”उन्नाव जिले के वार्ड नंबर 22 में संगीता सेंगर का टिकट रद्द किया जाता है।” उन्होंने कहा, ” संगीता सेंगर भाजपा की अधिकृत उम्मीदवार नहीं रहेंगी और उन्नाव में पार्टी के जिलाध्यक्ष से शीघ्र ही वहां से तीन नाम भेजने का आग्रह किया गया है।”

गौरतलब है कि, सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार को जिला पंचायत सदस्य के अधिकृत उम्मीदवारों की जिले की सूची जारी की थी, जिसमें जिले के वार्ड संख्या 22 (फतेहपुर चौरासी तृतीय) से संगीता सेंगर को उम्मीदवार घोषित किया गया था। संगीता पूर्व में जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

संगीता सेंगर को उम्मीदवार बनाये जाने पर भगवा पार्टी की आलोचना करते हुए समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा था, ”भाजपा का दोहरा चरित्र है। एक तरफ भाजपा अपराधियों के खात्में की बात करती है और दूसरी तरफ उनका महिमामंडन भी करती है। भाजपा के शासन में रहते अपराध खत्म नहीं हो सकता है।”

उल्लेखनीय है कि, पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को उन्नाव जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी से दुष्कर्म मामले में दोषी करार देते हुए दिल्ली की तीस हजारी अदालत ने 20 दिसंबर 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सेंगर को जिस समय यह सजा सुनाई गई थी, वह उन्नाव जिले के बांगरमऊ से भाजपा विधायक थे। सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी।

उत्तर प्रदेश में इसी महीने होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। प्रदेश में पंचायत चुनाव चार चरणों में 15 से 29 अप्रैल के बीच होने हैं और परिणाम 2 मई को आएंगे। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleगुजरात हाई कोर्ट ने राज्य में कोरोना वायरस से बिगड़ते हालात पर लिया स्वत: संज्ञान, आज होगी सुनवाई
Next articleपश्चिम बंगाल BJP के प्रमुख दिलीप घोष का विवादित बयान, बोले- शरारती लड़के नहीं माने, तो हो सकती हैं कूच बिहार जैसी हत्याएं; TMC ने की गिरफ्तारी की मांग