मध्य प्रदेश: BJP सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का कोरोना वायरस से निधन, पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान ने जताया दुख

0

मध्य प्रदेश के खंडवा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का मंगलवार (2 मार्च) को निधन हो गया है। भाजपा सांसद कोरोना वायरस से पीड़ित थे और दिल्ली-एनसीआर के मेंदाता अस्पताल में इलाज चल रहा था।

नंदकुमार सिंह चौहान

नंदकुमार सिंह चौहान 11 जनवरी को कोरोना संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें पहले इलाज के लिए भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर नंदकुमार सिंह चौहान को बेहतर इलाज के लिए मेंदाता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे, गंभीर हालत में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख प्रकट करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, “लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। मैं व्यथित हूं। नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।”

सीएम शिवराज ने अपने ट्वीट में आगे कहा, “प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।”

भाजपा सांसद के निधन पर दुख प्रकट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “खंडवा से लोकसभा सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान जी के निधन से दुखी। उन्हें मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल और प्रयासों में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति संवेदना। शांति।”

नंद कुमार सिंह चौहान का पार्थिव शरीर दोपहर करीब 2 बजे खंडवा लाया जाएगा। नंदकुमार सिंह चौहान मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश भाजपा की कमान संभाल चुके थे।

Previous articleपश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: ISF से कांग्रेस के गठबंधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने उठाया सवाल, बताया ‘शर्मनाक’ समर्थन
Next articleहाथरस: जमानत पर छूटे बेटी से छेड़खानी के आरोपी ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर की हत्या, रोती और न्याय मांगती बेटी का वीडियो वायरल