मशहूर पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर का 60 साल की उम्र में निधन, सीएम अमरिंदर सिंह ने जताया दुख

0

मशहूर पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर का बुधवार (24 फरवरी) को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया, वह 60 साल के थे। सरदूल सिकंदर के निधन पर पंजाब और इंडस्ट्री में गम का माहौल है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया हैं।

सरदूल सिकंदर

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे और काफी दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। साथ ही उनकी किडनी समेत कई बीमारियों का भी इलाज चल रहा था। कई अंगों के काम करना बंद करने के चलते गायक का निधन हो गया। सिकंदर अपने पीछे संगीत की एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं।

वे ‘एक चरखा गली दे विच ढा लाया’ और ‘सानु इश्क ब्रांडी चार गई’ जैसे गानों के लिए मशहूर हैं। उन्होंने 1980 के दशक की शुरूआत में एल्बम ‘रोडवेज दी लारी’ के साथ रेडियो और टेलीविजन पर अपना पहला परफॉर्मेस दिया था। सिकंदर ने ‘जग्गा डाकू’ समेत कुछ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था। सिकंदर के परिवार में उनकी पत्नी और 2 बेटे – सारंग और अलाप हैं।

गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा, “महान पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन से बहुत दुखी हूं। हाल ही में वे कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे और उनका इलाज चल रहा था। आज पंजाबी संगीत की दुनिया दुखी है। उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ मैं अपनी संवेदनाएं जताता हूं।”

सुखबीर सिंह बादल ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “महान पंजाबी पार्श्व गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। यह पंजाबी फिल्म और संगीत उद्योग को भारी नुकसान है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के लिए प्रार्थना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे!”

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा है कि सरदूल सिकंदर के निधन से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री ने एक आइकन खो दिया है। उन्होंने कहा, “मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति मिले।” (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleBihar Board Class 9th Exam 2021: बिहार बोर्ड कक्षा 9वीं की वार्षिक परीक्षा दो पालियों में होगी आयोजित, 15 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल; अधिक जानकारी के लिए छात्र biharboardonline.bihar.gov.in को करें फॉलो
Next articleपश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को बताया ‘सबसे बड़ा दंगाबाज’, बोलीं- डोनाल्ड ट्रंप से भी बुरी होगी किस्मत