कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि वह देश की चालीस प्रतिशत जनता के व्यापार (कृषि) को अपने दो मित्रों के हवाले करना चाहते हैं।
राहुल गांधी राजस्थान के अपने दौरे के दूसरे दिन अजमेर के पास रूपनगढ में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तीन केंद्रीय कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा, ‘हिंदुस्तान का सबसे बड़ा व्यापार कृषि का है। 40 लाख करोड़ रुपये का व्यापार है। दुनिया का सबसे बड़ा व्यापार है और यह किसी एक व्यक्ति का व्यापार नहीं है। कृषि का व्यापार हिंदुस्तान के 40 प्रतिशत लोगों का व्यापार है। इसमें किसान, छोटे व्यापारी, मजदूर सब भागीदार हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि यह पूरा का पूरा व्यापार उनके दो मित्रों के हवाले हो जाए। इन कृषि कानूनों का यही लक्ष्य है। मोदी जी चाहते हैं कि जो आपका है जो 40 प्रतिश हिंदुस्तान का है वह सिर्फ दो लोगों के हाथ में चला जाएगा।”
LIVE: Shri @RahulGandhi addresses Kisan Tractor Rally at Ajmer, Rajasthan #RahulGandhiWithFarmers https://t.co/qx0RHIu0Vs
— Congress (@INCIndia) February 13, 2021
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘लेकिन किसान कह रहा है कि हम मर जाएंगे लेकिन हम ये नहीं होने देंगे, कभी नहीं होने देंगे।’’ ट्रालियों को जोड़कर बनाए गए मंच से किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह मत सोचिए कि सिर्फ किसान बोल रहा है। किसान के पीछे मजदूर है, मजदूर के साथ छोटा व्यापारी खड़ा है। अगर ये कानून लागू हो गए तो इसका नकसान सिर्फ किसानों को नहीं होगा। सबके सब बेरोजगार हो जाएंगे।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘अब मैं कह रहा हूं कि इन तीन कानूनों से हिंदुस्तान के सबसे बड़े व्यापार को हिंदुस्तान की 40 प्रतिशत जनता से छीनने का काम किया जा रहा है।’’ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कांग्रेस के तमात बड़े नेता इस अवसर पर मौजूद थे।
LIVE: Shri @RahulGandhi addresses Kisan Mahapanchayat at Makrana, Rajasthan. #RahulGandhiWithFarmers https://t.co/J1UmWOFm54
— Congress (@INCIndia) February 13, 2021
राहुल गांधी ने चलाया ट्रैक्टर
केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों से संवाद करने राजस्थान पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को खुद ट्रैक्टर चलाया और ऊंट गाड़ी पर भी चढे! अजमेर के पास रूपनगढ में किसान संवाद कार्यक्रम रखा गया था। यहां ट्रालियों को जोड़कर बनाए गए मंच से राहुल गांधी ने किसानों को संबोधित किया। इसके बाद कांग्रेस नेता वहां रखी चारपाइयों में से एक चारपाई पर बैठे।
इसके बाद राहुल गांधी मंच के बने घेरे में ट्रैक्टर की ड्राइवर सीट पर बैठ गए। उनके साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी ट्रैक्टर पर बैठे और राहुल गांधी ने वहां मौजूद लोगों का अभिभावदन करते हुए काफी देर तक ट्रैक्टर चलाया।
कांग्रेस के इस कार्यक्रम में किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। वहां मंच भी बड़ी-बड़ी ट्रालियों को जोड़कर बनाया गया था। मंच पर बैठने के लिए कुछ नहीं था लेकिन राहुल गांधी के संबोधन के बाद वहां कुछ चारपाइयां रखी गयीं। मंच के पास पीने के मटके रखे गए थे।
यहां से मकराना जाते हुए परबत सर के पास राहुल गांधी का स्वागत किया गया। वहां राहुल गांधी ने विशेष रूप से सजाए गए ऊंट गाड़ी पर चढकर लोगों का अभिवादन किया। इस अवसर राहुल गांधी का स्वागत गेहूं की बालियों का बना गुच्छ देकर किया गया। (इंपुट: भाषा के साथ)