उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात छेड़खानी का विरोध करने पर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि रसूलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली कक्षा 12वीं की एक छात्रा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई क्योंकि उसने स्कूल से आते वक्त छींटाकशी कर रहे लड़कों का विरोध किया था। इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि रसूलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा शुक्रवार को दोपहर अपने स्कूल से लौट रही थी तो तीन युवकों ने उस पर छींटाकशी की।
उन्होंने कहा कि लड़की ने छेड़खानी का विरोध करते हुए लड़कों को भला-बुरा कहा और अपने घर आ गई। शुक्रवार की रात वही तीनों लड़के पीड़िता के घर आ गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पटेल ने बताया कि पिता व परिवार के अन्य लोगों ने विरोध किया तो उन्होंने गोलियां चलाकर लड़की की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। परिजनों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी।
ये एक 16 साल की बच्ची का शव नहीं , यूपी में क़ानून की लाश ढोई जा रही है। फ़िरोज़ाबाद की इस छात्रा का क़ुसूर ? इसने छेड़खानी का विरोध किया था। pic.twitter.com/NYZl9I8uwv
— Vinod Kapri (@vinodkapri) October 24, 2020
इस संबंध में लड़की के परिजनों की तहरीर पर तीन युवकों मनीष यादव, सोपाली यादव व गौरव चक के खिलाफ छेड़खानी व हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पटेल ने कहा कि फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में महिला के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य से लगातार ऐसी कोई न कोई ख़बर सामने आ ही जाती है, जिससे सरकार व प्रशासन को शर्मशार होना पड़ता है। (इंपुट: भाषा के साथ)