शर्मनाक: चेन्नई सुपर किंग्स का IPL में खराब प्रदर्शन, महेंद्र सिंह धोनी की 5 वर्षीय बेटी जीवा को मिली रेप की धमकी; इरफान पठान ने ट्रोल्स को दिखाया आईना, कई अन्य हस्तियों ने भी लगाई लताड़

0

आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की नाकामी को लेकर सोशल मीडिया ट्रोल्स पर किसी ने उनकी पांच साल की बेटी जीवा के साथ दुष्कर्म करने जैसी घृणित धमकी दी है। धोनी की पत्नी साक्षी को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह धमकी मिली। इस धमकी ने सोशल मीडिया पर लोगों को गुस्से से भर दिया है, खासतौर पर महिलाएं काफी गुस्से में हैं।

महेंद्र सिंह धोनी

गौरतलब है कि, आईपीएल के इस सीजन में एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नै सुपरकिंग्स (CSK) का प्रदर्शन कुछ फीका दिख रहा है। ऐसे में शुक्रवार को सोशल मीडिया पर ट्रोल्स ने धोनी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। धोनी की टीम की हार से नाराज खुद को फैन्स कहने वाले कुछ बीमार मानसिकता के लोगों ने हद पार कर दी। ट्रोल्स ने धोनी की 5 साल की बेटी को सोशल मीडिया पर रेप की धमकी दे डाली। हालांकि, इस पर उन्हें लोगों ने जमकर लताड़ लगाई।

बता दें कि, महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी की बेटी जीवा 5 साल की हैं और एक नन्ही बच्ची के लिए सोशल मीडिया पर सामने आ रही इस तरह की घटिया सोच को लेकर क्रिकेट फैंस में काफी गुस्सा दिखाई दे रहा है। लोगों की मांग है कि जीवा को रेप की धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने ट्रोल्स की इस घिनौनी करतूत के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और क्रिकेट कॉमेंटेटर इनफान पठान ने भी ऐसे ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है। पठान ने एक ट्वीट कर लिखा, ‘सभी खिलाड़ी अपना बेहतर दे रहे हैं। कभी-कभी यह काम नहीं आ पाता है लेकिन इससे किसी को यह अधिकार नहीं मिल जाता कि कोई छोटे बच्चे को किसी प्रकार की धमकी दे।’

अभिनेत्री और राजनेता नगमा ने ट्वीट करके कहा, “हम एक राष्ट्र के तौर पर कहां जा रहे हैं? यह कितना अजीब है कि धोनी की पांच साल की बेटी जिवा को किसी ने दुष्कर्म की धमकी दी है। प्रधानमंत्री जी हमारे देश में क्या हो रहा है?”

कर्नाटक के जयनगर की विधायक सौम्या रेड्डी ने कहा कि यह काफी परेशान करने वाली बात है। हमारे देश में क्या हो रहा है, यह समझ नहीं आ रहा। हम कहां जा रहे हैं? राज्य सभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह इस बात का सबसे खराब उदाहरण है कि किस तरह सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स का दुरुपयोग हो रहा है।

कोलकाता के हाथों चेन्नई सुपर किंग्स को मिली हार से नाराज फैन्स ने खिलाड़ियों के घरों पर पत्थर बरसाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। हालांकि, किसी खिलाड़ी की अबोध बच्ची को इस तरह टारगेट करने की घटना इससे पहले कभी नहीं सुनी या देखी गई। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleUPSC NDA I, II Result 2020 Declared: UPSC ने upsc.gov.in पर जारी किया NDA का रिजल्ट, ऐसे करें चेक
Next articleDU Admission 2020 First Cut Off List Releases: वोकेशनल स्टडीज के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी ने जारी की पहली कटऑफ लिस्ट, du.ac.in पर करें चेक