उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना की पृष्ठभूमि में बलिया के भाजपा विधायक के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया है। विधायक सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को चांदपुर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि संस्कार से तो बलात्कार रुक सकता है, लेकिन शासन और तलवार से नहीं रोका जा सकता। भाजपा विधायक के इस बयान की कांग्रेस ने निंदा की है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देर रात अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, “भाजपा आरएसएस की ऐसी घटिया सोच के चलते ही यूपी बेटियों के लिए सबसे असुरक्षित स्थान बन चुका है। बलात्कारी मानसिकता को बल देने वाले ऐसे नेताओं का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। सुरेंद्र सिंह योगी जी के चहेते विधायकों में से एक हैं।”
उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में बढ़ती रेप की घटनाओं खासकर हाथरस गैंगरेप पर अजीब बयान देने पर बलिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह चौतरफा घिर गए हैं। भाजपा विधायक ने ऐसी घटनाओं के पीछे लड़कियों का संस्कारित नहीं होना बताया था।
बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि, कहा जाता है कि राम राज्य चल रहा है, लेकिन इस राम राज्य में भी रेप जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसका आखिर क्या कारण है? इस पर सिंह ने कहा कि ”मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक हूं। ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।”
विधायक ने कहा कि ”सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखाएं। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म है लेकिन परिवार का भी धर्म है। जहां सरकार का धर्म रक्षा करने का है वहीं परिवार का भी धर्म है कि बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर देश को सुंदर रूप दे सकते हैं, दूसरा कोई सामने आने वाला नहीं है।”