मध्य प्रदेश: शिवराज के मंत्री अरविंद भदौरिया ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर दिया विवादित बयान, वीडियो वायरल

0

मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर विवादित बयान दिया है। ये बयान उन्होंने भिंड के बस स्टैंड पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिया है।

मध्य प्रदेश

दरअसल, अरविंद भदौरिया मंत्री बनने के बाद पहली बार भिंड पहुंचे थे। अरविंद भदौरिया का भिंड जिले की सीमा में प्रवेश करते ही गर्मजोशी के साथ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत का ये सिलसिला मालनपुर से शुरू होकर भिंड तक चला। भिंड में बस स्टैंड पर पहुंचकर अरविंद भदौरिया ने कार्यकर्ताओं को मंच से संबोधित किया। संबोधन के दौरान मंत्री अरविंद भदौरिया ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह पर विवादित बयान दे दिया।

अरविंद भदौरिया ने कहा कि “मैं बेंगलुरु में था, तब दिग्विजय सिंह मेरे भाई पर केस दर्ज करके पुलिस से उठवा रहे थे, तेरे बाप में हिम्मत है। मैं चंबल की माटी में पैदा हुआ हूं, किसी से डरता नहीं हूं। मंत्री ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह कहते हैं कि 2-2 टाइगर मारेंगे, तेरे बाप ने भी कभी टाइगर नहीं मारे होंगे।”

उनके इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वह अपने इस बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए है, लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं।

गौरतलब है कि, भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कहा था कि टाइगर जिंदा है। उस पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा था कि हम और माधवराव सिंधिया साथ में शेर का शिकार करते थे। भदौरिया ने दिग्विजय सिंह के उसी बयान पर पलटवार किया है।

बता दें कि, मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए संकट की शुरुआत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की थी जो अपने 22 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा दो विधायकों के निधन और अब लोधी के बाद सुमित्रा देवी की ओर से इस्तीफा दिए जाने के बाद 26 विधानसभा सीट खाली हो गई हैं, जिन पर उपचुनाव होने हैं।

Previous articleराजस्थान राजनीतिक संकट: NDA सांसद ने BJP नेता वसुंधरा राजे पर फिर बोला हमला, पूर्व मुख्यमंत्री ने किया पलटवार
Next article‘रिपब्लिक टीवी’ के संस्थापक अर्नब गोस्वामी के शो में अभिनेत्री कंगना रनौत का खुलासा- सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ करने के इंकार करने पर मिली थी धमकी