“मेरे स्किन का कलर देखिए, क्या मैं अंग्रेज दिखता हूं”: ‘न्यूज़ 18 इंडिया’ के लाइव शो में बोले BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा

0

राजस्थान में जारी राजनीतिक रस्साकशी व विधायकों को प्रलोभन दिए जाने के आरोपों के बीच कांग्रेस पार्टी के अंदर काफी उथल पुथल मची हुई है। राजस्थान पीसीसी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री के पद से बर्खास्तगी के बाद सचिन पायलट का कोर्ट जाना और फिर कई विधायकों को पार्टी से निकाले जाने के बाद कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह विपक्षी पार्टियों के लिए एक अवसर बन गई है। इसी मुद्दे को लेकर समाचार चैनलों में खूब बहस भी देखने को मिल रही है।

इसी मुद्दे पर हिंदी समाचार चैनल ‘न्यूज 18 इंडिया’ पर एक डिबेट शो भी हुआ। इस शो में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह के साथ ही वरिष्ठ पत्रकार कुमार केतकर भी मौजूद रहे। शो में एक दूसरे पर खूब आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। तभी बीच बहस में संबित पात्रा बुरी तरह से भड़क गए और अपने आपे से बाहर हो गए।

संबित पात्रा

दरअसल, भड़के संबित पात्रा ने कहा कि उन्हें आपत्ति है कि भाजपा और आरएसएस को अंग्रेजों का एजेंट कहा जाता है, तलवे चाटने वाला कहा जाता है। इसी पर अपना आक्रोश जाहिर करते हुए पात्रा ने कहा- मैं बताता हूं अंग्रेज कौन है। कांग्रेस की पिछले 19 सालों से जो अध्यक्ष हैं, वो अंग्रेज हैं। उनका नाम एंटोनियो माइनो है। उनके पिता का नाम स्टीफनो माइने था। वह मुसोलिनी के लिए काम करते थे। उन्होंने मुसोलिनी के लिए नरसंहार किया था, वो अंग्रेज हैं और इस बारे में उनकी पार्टी के ही नेता ने इस बारे में आर्टिकल भी लिखा है।

इसके बाद संबित पात्रा अपने चेहरे पर उंगलियां फेरते हुए कहने लगे कि ये बोलेंगे हमें अंग्रेज। मेरे स्किन का कलर देखिए क्या मैं अंग्रेज दिखता हूं। सोनिया गांधी अंग्रेज हैं। वह कैसी हिंदी बोलती हैं। अंग्रेज हम हैं कि वो हैं। संबित ने आगे कहा कि आज के बाद भाजपा या संघ को किसी ने अंग्रेज या अंग्रेजों का एजेंट कहा तो हम एंटोनिया माइनो के ऐसे कच्चे चिट्ठे खोलेंगे कि फिर 200 थानों में एफआईआर करते रहना।

डिबेट के इस अंश का वीडियो संबित पात्रा ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनके इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Previous articleप्रवासी मजदूरों के बाद अब पुलिसकर्मियों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, दान की 25,000 फेस शील्ड
Next articleमध्य प्रदेश: उपचुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, विधायक सुमित्रा देवी ने दिया इस्तीफा