बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी मामले में मुंबई पुलिस लगातार जांच कर रही है और इस मामले में पुलिस अब तक कई लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। गुरुवार को मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत की कथित गर्लफ्रेंड व अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से करीब 9 घंटों को पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान रिया चक्रवर्ती ने कई चौंकाने वाले खुलासे भी किए। बता दें कि, बीते 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत अपने घर में मृत पाए गए थे।
पीपिंग मून की वेबसाइट के मुताबिक, सुशांत सिंह राजपूत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने जांच के दौरान बताया कि एक्टर का बांद्रा में स्थित घर हॉन्टेड था। उन्होंने कहा, “ऐसा मैंने महसूस किया और यहां तक कि सुशांत भी इस बात से परेशान थे, जब हम वहां रह रहे थे।” रिया चक्रवर्ती ने अपने बयान में यह भी बताया कि वे दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। सुशांत सिंह राजपूत का परिवार पहले इस शादी के पक्ष में नहीं था, लेकिन बाद में एक्टर का परिवार रिया चक्रवर्ती को पसंद करने लगा था। इसके साथ ही अभिनेत्री ने कहा कि सभी चीजें सही जा रही थीं और मैंने उनके पापा के.के सिंह से भी दो बार बात की थी।
सुशांत सिंह राजपूत को लेकर रिया चक्रवर्ती ने पूछताछ में और भी कई खुलासे किए। उन्होंने सुशांत से अपने झगड़े के बारे में बताते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत से झगड़े के बाद वह कार्टर रोड पेंटहाउस घर छोड़कर चली गई थीं। हालांकि, दोनों ही फोन कॉल्स और टेक्स्ट मैसेज के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहते थे। इसके साथ ही पूछताछ में पता चला कि सुशांत सिंह राजपूत हर रात सोने से पहले रिया चक्रवर्ती को फोन किया करते थे।
गौरतलब है कि, सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में रविवार (14 मई) की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी थी। सुशांत सिंह राजपूत का सोमवार को मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान घाट पर परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उनकी मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान है, किसी को अंदाजा नहीं था कि फिल्म जगत का एक ऐसा कलाकार जिसने इतने थोड़े से वक्त में इतना मुकाम हासिल किया है वो कुछ ऐसा कदम उठा सकता है।