केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी टी वीणा की शादी सोमवार (15 जून) को डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीपीएम (CPM) राज्य समिति के सदस्य मोहम्मद रियाज के साथ हो गई। शादी समारोह में वीणा और रियाज के पक्ष से केवल परिवार के बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए। सीएम की बेटी टी वीणा एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
ये शादी तिरुअनंतपुरम में मुख्यमंत्री निवास में एक सादे समारोह के रूप में आयोजित की गई, इसमें करीबी लोग और रिश्तेदार मौजूद थे। शादी समारोह के दौरान वीणा ने पीले रंग की साड़ी पहनी। उन्होंने अपने बालों में गजरा भी लगा रखा था। शादी के दौरान वह बेहद खुश नजर आ रही थीं। वहीं, रियाज ने सफेद रंग की शर्ट और परंपरागत सफेद रंग की धोती बांध रखी थी। हालांकि, वीणा ने बहुत जेवर नहीं पहना न ही मेकअप किया। वह बहुत ही सादगी से तैयार हुई थीं।
रियाज और वीणा कई वर्षों से एक दूसरे को जानते हैं। दोनों का तलाक लगभग पांच साल पहले हुआ था। दोनों ने अपनी दोस्ती को अब रिश्ते में बदलने को ठानी। बताया जा रहा है कि दोनों ने खुद एक दूसरे को चुना है और इस शादी का फैसला लिया था। दोनों की शादी की तारीख पांच दिन पहले ही सार्वजनिक की गई थी।
बता दें कि, 40 वर्षीय वीणा और 44 साल के रियाज दोनों ही तलाकशुदा हैं, ऐसे में दोनों की ही यह दूसरी शादी है। 44 वर्षीय रियास की पहले डॉ समीहा सेठलवी से शादी हुई थी। हालांकि, वे 2015 में शादी के 13 साल बाद अलग हो गए। उनके 13 और 10 साल की उम्र के दो बेटे हैं। वहीं, पहले पति से वीणा का एक बेटा है।
बेंगलुरू में खुद की कंपनी चला रही वीणा पेशे से साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। इससे पहले वह ओरेकल में आठ साल तक काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह आरपी टेकसॉफ्ट में दो साल सीईओ के पद पर भी काम कर चुकी हैं। जबकि छात्र नेता रहे रियाज एक वकील हैं। रियाज ने 2009 लोकसभा चुनाव में कोकीझाड सीट पर किस्मत आज़माई थी, लेकिन वह कांग्रेस प्रत्याशी एमके राघवन के सामने पराजित हो गए थे। रियाज सीपीआई-एम स्टेट कमेटी के सदस्य भी हैं।