दिल्ली: नेब सराय में 21 वर्षीय युवक की छुरा घोंपकर हत्या; एक व्यक्ति गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए

0

कोरोना लॉकडाउन के बीच देश की राजधानी दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक व्यक्ति की कथित तौर पर छुरा घोंपकर हत्या करने के आरोप में 20 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और दो नाबालिगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान संगम विहार निवासी रोहित (21) के रूप में हुई है। पुलिस को शनिवार को घटना की जानकारी मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने व्यक्ति को मृत पाया, जबकि वीरेंद्र नाम का एक अन्य व्यक्ति, जिसकी कोहनी में चोटें लगी थीं, वह भी घटनास्थल पर मिला।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि शनिवार शाम को संगम विहार इलाके में आठ से नौ लोग अपने मोबाइल फोन पर लूडो खेल रहे थे, तभी तीन से चार लोग आए और उन पर पत्थर फेंकने लगे।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, ‘‘लूडो खेल रहे ज्यादातर लोग भागने में कामयाब रहे। रोहित और वीरेंद्र पीछे रह गए। आरोपियों ने रोहित को उसके सीने पर छुरा मार दिया और वीरेंद्र को भी घायल कर दिया और मौके से भाग गए। मृतक के शव को एम्स अस्पताल भेज दिया गया।’’

चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि आरोपी का नाम आरिफ (20) है, जो संगम विहार का निवासी है, जबकि अन्य दो नाबालिग हैं। डीसीपी ने बताया कि इस जानकारी के आधार पर छापे मारे गए और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरिफ ने यह भी खुलासा किया कि इस अपराध में राम बाबू नामक एक व्यक्ति और दो नाबालिग किशोर भी शामिल है। दोनों किशोरों को भी पकड़ लिया गया। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleनवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी आलिया ने तलाक का नोटिस भेजने पर तोड़ी चुप्पी
Next articleActor Ashiesh Roy in ICU, makes desperate appeal for money for treatment