मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के एक गांव में बीती रात एक ट्रक के पलट जाने से इसमें सवार पांच मजदूरों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नरसिंहपुर जिले के अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर ने रविवार को बताया कि आम से लदे इस ट्रक से करीब 20 प्रवासी मजदूर हैदराबाद से अपने घर उत्तर प्रदेश के एटा और झांसी जा रहे थे। मुंगवानी थाना क्षेत्र में पाठा गांव के पास यह ट्रक पलट गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि शनिवार रात करीब साढे 10 बजे हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है तथा 13 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें नरसिंहपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से दो की हालत नाजुक है।
तिवारी ने बताया कि मजदूरों को आमों से भरे ट्रक में ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। अपर कलेक्टर ठाकुर ने बताया कि एक मजदूर में कोरोना वायरस के लक्षण भी मिले हैं, इसलिए सभी मजदूरों के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रमिकों की मृत्यु पर शोक जताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय काल कवलित और घायल होने के समाचार से अत्यंत दुःखी हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!”
एक अन्य ट्वीट में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, “घायलों के समुचित इलाज एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए मौके पर प्रशासन के उच्च अधिकारी उपस्थित हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की करबद्ध प्रार्थना करता हूं।” (इंपुट: भाषा के साथ)
घायलों के समुचित इलाज एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए मौके पर प्रशासन के उच्च अधिकारी उपस्थित हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की करबद्ध प्रार्थना करता हूं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) May 10, 2020