राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में रविवार शाम को भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। भूकंप के झटके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मध्यम श्रेणी के भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 आंकी गई। केन्द्र द्वारा दी गई प्राथमिक जानकारी के अनुसार नोएडा और गाजियाबाद सहित एनसीआर क्षेत्र के पूर्वी इलाके में शाम पांच बज कर 45 मिनट पर भूकंप का झटका महसूस किया गया। इसका केन्द्र भी एनसीआर क्षेत्र में जमीन से आठ किमी की गहराई में स्थित था।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए। आशा है कि सभी लोग सुरक्षित हों। मैं आप में से हर एक की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
Tremors felt in Delhi. Hope everyone is safe. I pray for the safety of each one of you.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) April 12, 2020
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, “कोरोना कम था जो भूकम्प भी मचा दिया…. क्या मन में है देवा?”
कोरोना कम था जो भूकम्प भी मचा दिया…. क्या मन में है देवा?
— Manish Sisodia (@msisodia) April 12, 2020
एक्सपर्ट्स का कहना है कि भूकंप के झटके इतने तेज नहीं थे इसलिए घरों में रहा जा सकता है। इसमें किसी तरह की जान-माल की हानि की सूचना नहीं है।