मध्य प्रदेश में सियासी उठापटक जारी, भोपाल में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में हाथापाई

0

मध्य प्रदेश की राजनीतिक में जारी सियासी उठापटक अब हाथापाई में बदलने लग गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की हुई और मारपीट की स्थिति बन गई।

मध्य प्रदेश
फोटो: ANI

कांग्रेस के बागी विधायकों को बेंगलुरू में बंधक बनाए जाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरीकेट्स लगाए गए थे, मगर कांग्रेस कार्यकर्ता बैरीकेट्स को लांघते हुए भाजपा दफ्तर की ओर बढ़ने लगे।

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथ में झंडे-बैनर थे। कांग्रेस कार्यकर्ता जब भाजपा दफ्तर की ओर बढ़ रहे थे तो उसी समय भाजपा के कार्यकर्ता सामने आ गए और दोनो के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल कोठारी ने आरोप लगाया है, “कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुझ पर लाठी से हमला किया है। इसका सबक भाजपा की ओर से कांग्रेस को सिखाया जाएगा।”

गौरतलब है कि कांग्रेस के 22 विधायकों ने बगावत कर इस्तीफा दे दिया है, इन विधायकों में से छह के इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष मंजूर कर चुके हैं और बीते एक सप्ताह से ज्यादा समय से वे बेंगलुरु में है। कांग्रेस का आरोप है कि इन विधायकों को भाजपा ने बंधक बना रखा है।

Previous articleअभिनेता आयुष्मान खुराना ने कोरोना वायरल पर रखा गरीबों का पक्ष, इमोशनल ट्वीट सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
Next articleAll exams including CBSE and NIOS postponed till 31 March due to coronavirus scare