दिल्ली विधानसभा चुनाव: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को बताया महिला विरोधी

0

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग जारी है। वहीं, वोटिंग से पहले किए गए एक ट्वीट को लेकर दिल्‍ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के निशाने पर आ गए है। दिल्ली के मुख्यमंत्री के ट्वीट पर नाराज केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अरविंद केजरीवाल को ‘महिला विरोधी’ बता दिया।

स्मृति ईरानी

दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वोट डालने का आह्वान किया, खासकर उन्होंने महिलाओं से वोट डालने की अपील की। महिलाओं को बड़ी संख्या में वोट देने का आग्रह करते हुए सीएम केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा था, “वोट डालने ज़रूर जाइए। सभी महिलाओं से ख़ास अपील- जैसे आप घर की ज़िम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की ज़िम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलायें वोट डालने ज़रूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा ज़रूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।”

सीएम केजरीवाल के इस ट्वीट पर अपनी प्रतिकिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लिखा, “आप क्या महिलाओं को इतना सक्षम नहीं समझते की वे स्वयं निर्धारित कर सके किसे वोट देना है? #महिलाविरोधीकेजरीवाल”

केजरीवाल ने केंद्रीय मंत्री को जवाब देते हुए ट्वीट किया, “स्मृति जी, दिल्ली की महिलाओं ने किसे वोट देना है ये तय कर लिया है। और पूरी दिल्ली में इस बार अपने परिवार का वोट महिलाओं ने ही तय किया है। आखिर घर तो उन्हें ही चलाना होता है।” इसके बाद स्मृति ईरानी ने इसी ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, “जो नसीहत आप महिलाओं को दे रहे हैं आज कितने पुरुषों को ट्वीट करके ऐसी नसीहत दी है आपने??”

बता दें कि, दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। हालांकि, कांग्रेस की स्थिति भी पिछले चुनाव के मुकाबले मज़बूत लग रही है। ऐसे में सभी दलों की तरफ से लगातार जीत के दावे किए गए हैं।

Previous articleSmriti Irani attacks Arvind Kejriwal for tweet on Delhi’s women voters, calls Delhi CM ‘anti-women’
Next articleNew Zealand beat India in 2nd ODI by 22 runs, lead series 2-0