दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने पर पूर्व युगल खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने उसका नाम लिए बिना तंज कसते हुए इसे ‘बेवजह’ पार्टी से जुड़ना करार दिया।
ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल के बुधवार (29 जनवरी) को भाजपा में शामिल होने के बाद ज्वाला गुट्टा ने ट्वीट किया, ‘‘पहली बार सुना है। बेवजह खेलना शुरू किया और अब बेवजह पार्टी ज्वाइन किया।’’
दुनिया की पूर्व नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी साइना ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिये अपनी कड़ी मेहनत से उन्हें प्रेरित किया है।
Pehli baar Suna hai…bewajah khelna shuru kiya aur ab bewajah party join kiya… ? ?
— Gutta Jwala (@Guttajwala) January 29, 2020
बता दें कि, स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल खेल की दुनिया की बड़ी हस्ती हैं। वह भाजपा के लिए बड़ा चेहरा बन सकती हैं। साइना से पहले भी कई खिलाड़ियों ने भाजपा का दामन थामा है। उनमें पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, रेसरल योगेश्वर दत्त और बबिता फोगाट जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं।
हरियाणा में जन्मी 29 साल की साइना नेहवाल भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी है, जिनकी फैन फॉलोइंग बहुत ज्यादा है। बैडमिंटन में वर्ल्ड नंबर वन रह चुकीं साइना को राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड से नवाजा जा चुका है। अभी तक साइना ने कुल 24 अंतर्राष्ट्रीय खिताब जीत चुकी हैं। वहीं, लंदन ओलिंपिक में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह साल 2009 में दुनिया की दूसरी और साल 2015 में दुनिया की पहले नंबर की खिलाड़ी बनी थीं।