दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को होगा मतदान, 11 फरवरी को आएंगे नतीजे

0

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। दिल्ली में एक ही चरण में 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को चुनाव का रिजल्ट आएगा। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। हालांकि, कांग्रेस की स्थिति भी पिछले चुनाव के मुकाबले मज़बूत लग रही है।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि चुनाव सिंगल फेज में होगा। इसके लिए 14 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 21 जनवरी होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 जनवरी रखी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी, जिसके लिए 2689 जगहों पर वोटिंग होगी। इसके लिए कुल 13757 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि दिल्ली में 1 करोड़ 47 लाख वोटर हैं। चुनावी व्यवस्था में 90 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। चुनावी आचार संहिता लागू हो गई है। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी को समाप्त होगा।

बता दें कि, 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को रिकॉर्ड जीत मिली थी, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों पर जीत प्राप्त की थी और 3 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत हुई थी, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

हालांकि, 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत हुई थी और वोट प्रतिशत के लिहाज से कांग्रेस दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी जबकि आम आदमी पार्टी (आप) तीसरे नंबर पर खिसक गई थी।

Previous article“मुंह छुपा कर चोर और आतंकवादी आते हैं, देशभक्त नहीं”, JNU हिंसा पर बोले बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह
Next articleNot just Shloka Mehta and Anand Piramal, actor Aamir Khan too turned emotional sharing experience of Nita Ambani’s generosity