कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि असम को आरएसएस के चड्ढी वाले नहीं, असम की जनता चलाएगी।

कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को राहुल गांधी ने गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और असम की भाजपा सरकारों की नीतियों के चलते यह राज्य हिंसा के पथ पर लौट सकता है। राज्य में शांति लाने वाली असम संधि को बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून का हवाला देते हुए कहा, ‘‘मुझे डर है कि असम भाजपा की नीतियों के चलते कहीं हिंसा के रास्ते पर पर लौट न जाए।’’
राहुल गांधी ने आगे कहा, “हम भाजपा और आरएसएस को असम के इतिहास, भाषा, संस्कृति पर हमले नहीं करने देंगे। असम को नागपुर नहीं चलाएगा, असम को आरएसएस के चड्ढी वाले नहीं चलाएंगे। असम को असम की जनता चलाएगी।”
#WATCH Rahul Gandhi in Guwahati: Hum BJP aur RSS ko Assam ki history, bhasha ,sanskriti par akraman nahi karne denge. Assam ko Nagpur nahi chalayega, Assam ko RSS ke chaddi wale nahi chalayenge. Assam ko Assam ki janta chalayegi. pic.twitter.com/hzg4qaPRPv
— ANI (@ANI) December 28, 2019
नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, देश में एक बार फिर नोटबंदी जैसा माहौल हो गया है। अब असम में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्हें गोली मारी जा रही है। जनता की आवाज को भाजपा सुनना नहीं चाहती। आपकी आवाज से डरते हैं, कुचलना चाहते हैं। युवाओं को मारना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘असम कभी भी घृणा और हिंसा के साथ प्रगति नहीं कर सकता है। सभी को साथ आना होगा और भाजपा नेताओं को बतलाना होगा कि वे राज्य की संस्कृति, पहचान और इतिहास पर हमला नहीं कर सकते।’’ (इंपुट: भाषा के साथ)