देश में कड़े कानून बनने के बावजूद भी मासूम बच्चियों और महिलाएं से रेप व छेड़छाड़ के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, आए दिन कोई न कोई वारदात हमें शर्मसार कर देती है। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घर में सो रही अपनी नाबालिग भांजी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने की कोशिश की और असफल होने पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, रैपुरा थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि एक गांव में अपने घर में सो रही एक 16 साल की लड़की के साथ उसके चचेरे मामा ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। लड़की के विरोध करने और शोर मचाने पर उसके ऊपर कुल्हाड़ी से कई बार वार किया, जिससे लड़की मरणासन्न हो गई है। उसे इलाज के लिए रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म करने की कोशिश, जानलेवा हमला करने और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत बुधवार को रिपोर्ट लिखकर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक अपनी चचेरी बहन की ससुराल दशहरा मनाने आया था।