कांग्रेस पार्टी ने सोमवार रात अजय कुमार लल्लू को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। वह राज बब्बर की जगह लेंगे। बता दें कि, राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मई में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा चुनावों में पार्टी को राज्य की 80 में से सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी। वहीं, आराधना मिश्रा को विधायक दल का नेता नियुक्त किया। आराधना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं।

बता दें कि, राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने की चर्चा लोकसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद से ही चल रही थी। हालांकि, लोकसभा चुनावों में अपमानजनक हार के बाद राज बब्बर ने खुद इस्तीफे की पेशकश की थी। मगर पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। हालांकि, कांग्रेस की नए चेहरे के लिए खोज जारी थी और इसमें अजय कुमार लल्लू का नाम सबसे आगे था।
अजय कुमार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का बेहद करीबी माना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले उन्हें प्रियंका गांधी की टीम में रखा गया था। कुशीनगर के तमकुहीराज से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए अजय कुमार लल्लू को पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक बदलाव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 2012 और 2017 में कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे अजय कुमार लल्लू कांग्रेस विधायक दल के नेता भी थे।
लल्लू कुशीनगर जिले की तमकुहीराज विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह सामाजिक न्याय के मुद्दे पर मुखर भी हैं, और यूपी में हर मसले को उठाने को लेकर तत्पर रहते हैं।