दिल्ली मेट्रो रेल के 27 वर्षीय कर्मचारी ने की आत्महत्या, फेसबुक पर किया सीधा प्रसारण

0

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक 27 वर्षीय कर्मचारी ने रविवार को अपने किराये के घर में कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली और इसे फेसबुक पर लाइव स्ट्रीम (सीधा प्रसारण) कर दिया। लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को एक युवक ने सूचना दी कि उसके दोस्त ने खुद के सुसाइड का लाइव वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस शाहदरा तेलीबाड़ा पहुंची। वहां सूचना देने वाला लड़का सूर्यकांत दास मिला। पुलिस ने जब कमरा खोल कर देखा तो अंदर युवक की लाश मिली।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के निवासी शुभांकर चक्रवर्ती (27) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्वी शाहदरा के उनके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जहां उन्होंने पंखे के हुक से प्लास्टिक के तार के जरिये फंदा लगाकर आत्महत्या की।

फेसबुक लाइव स्ट्रीम पर शुभांकर को डीएमआरसी की वर्दी पहने कथित रूप से कूलर पर चढ़ते हुए देखा गया। उन्होंने दो बार कैमरे की ओर देखा और फांसी लगाने से पहले कंपनी के अपने परिचय पत्र को दो बार चूमा। एक सूत्र ने कहा कि शुभांकर ने जून में डीएमआरसी में नौकरी शुरू की थी और वह बिजली एवं रखरखाव विभाग में कर्मचारी थे।

मामले की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, शुभांकर की एक बहन है। शुभांकर की मां की 16 साल पहले मृत्यु हो गई थी। शुभांकर परिवार में अकेला लड़का था। (इंपुट: भाषा और आईएएनएस के साथ)

Previous articleरिलायंस JIO का बड़ा ऐलान: मुफ्त फोन कॉल के साथ 5 सितंबर से उपलब्ध होगी ‘जियो गीगा फाइबर’ सेवा
Next articleकराची में परवेज मुशर्रफ के रिश्तेदार की शादी में सिंगर मीका सिंह ने किया परफॉर्म!, सोशल मीडिया पर भड़के फैंस