हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुवार (20 जून) को एक भयानक हादसा हो गया है। यहां पर यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस गहरी खाई में गिर गई। इस घटना करीब 44 यात्रियों की माैत, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

कुल्लू पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि निजी बस जिले की बंजार तहसील में धोथ मोड़ के पास 300 मीटर गहरे नाले में गिर गई। बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बंजार पटवारी शीतल कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि यह बस अपनी क्षमता से अधिक यात्रियों को ढो रही थी और उसके चालक ने ध्यान से गाड़ी नहीं चलाई। बस का पंजीकरण नंबर एचपी 66-7065 है और यह कुल्लु से गड़ गुशानी जा रही थी।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस दुखद दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है।अधिकारियों ने बताया कि ठाकुर ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिये है। घायलों का बंजार सिविल अस्पताल और कुल्लु जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और आशंका है कि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
कुल्लु जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक एवं घायल के निकटतम परिजन को 50 हजार रूपये की राहत राशि देने का ऐलान किया है।खाई में गिरने के बाद बस के परखच्चे उड़ गए। (इंपुट: भाषा के साथ)