गुरुग्राम: स्पेन से इंटर्नशिप करने आई युवती से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

0

देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर दोस्त बनी स्पेन की एक महिला से कथित रूप से बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Representational image

पुलिस के मुताबिक, महिला कुछ सप्ताह पहले एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इंटर्नशिप के लिये स्पेन से गुरुग्राम आई थी। वह किराये पर एक घर ढूंढ रही थी जिसके बारे में उसने फेसबुक पर एक पोस्ट भी साझा किया था। दिल्ली के आनंद विहार के निवासी अजन्य नाथ ने फेसबुक पर महिला से संपर्क किया और उसे घर ढूंढने में मदद की पेशकश की।

गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी सुभाष बोकान ने बताया कि आरोपी अजन्य सोशल मीडिया पर महिला का दोस्त बन गया और 14 जून को महिला को डीएलएफ फेस-3 में किराये के फ्लैट में रात के खाने पर बुलाया। बोकान ने कहा कि महिला जब फ्लैट पर पहुंची तो नाथ ने कथित रूप से उसका बलात्कार किया। महिला सिविल अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने आपबीती सुनाई। डॉक्टरों ने गुरुग्राम पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।

इसके बाद आरोपी के घर छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया। बोकान ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleविश्व कप का महामुकाबला आज, पाकिस्तान के खिलाफ प्रबल दावेदार होगी टीम इंडिया
Next articleराजस्थान की सुमन राव बनीं फेमिना मिस इंडिया 2019 की विजेता, देखें तस्वीरें