पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार रात को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव के दौरान अधिकांश ईवीएम में पहले से ही अपने हिसाब से प्रोग्रामिंग की थी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से सच उजागर करने के लिए तथ्यान्वेषी टीम बनाने का अनुरोध किया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ममता बनर्जी ने कहा, ”हम कांग्रेस से इस बारे में बात कर चुके हैं। जरूरत पड़ी तो हम अदालत जाएंगे और इस चुनावी धांधली को चुनौती देंगे। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि भाजपा के नेता चुनाव के नतीजे घोषित होने से पहले ही लगभग वास्तविक आंकड़ों का अनुमान कैसे लगा सकते हैं। वे कैसे कह रहे थे कि देश में उन्हें 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी और बंगाल में 23। अंतिम परिणाम उनके आकलन के करीब ही थे।
बनर्जी ने एक बांग्ला समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में यह दावा किया। बनर्जी ने वाम दलों के समर्थकों से भी भाजपा में शामिल होने से बचने को कहा। उन्होंने भाजपा पर मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बड़ी राशि खर्च करने का आरोप लगाया, और कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने इस संबंध में चुनाव आयोग को कई शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने न केवल धन शक्ति का उपयोग किया, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए विपक्षी दलों के खिलाफ सभी सरकारी एजेंसियों का भी इस्तेमाल किया।
बता दें कि 2014 के आम चुनाव की तुलना में 2019 में टीएमसी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। 2014 में पार्टी को 34 सीटें मिली थीं जबकि इस बार उसे सिर्फ 22 सीटें ही हासिल हुई हैं। भाजपा ने राज्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 सीटें हासिल की हैं। वहीं, कांग्रेस 2 सीटों पर सिमट गई है।