एडिटर्स गिल्ड ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर और तरुण तेजपाल की सदस्यता निलंबित की

0

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के मद्देनजर पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर और तहलका के पूर्व प्रधान संपादक तरुण तेजपाल की सदस्यता बुधवार को निलंबित कर दी।

इस संबंध में एक बयान में कहा गया कि गिल्ड ने कार्यकारी समिति से इस बारे में विचार मांगे थे कि वर्तमान में निष्क्रिय सदस्य एमजे अकबर, इसके पूर्व अध्यक्षों में से एक तरुण तेजपाल तथा वरिष्ठ पत्रकार गौतम अधिकारी पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के मद्देनजर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए?

बयान में कहा गया कि कार्यकारी समिति के अधिकतर सदस्यों ने अकबर और तेजपाल की सदस्यता निलंबित करने का सुझाव दिया। गिल्ड के पदाधिकारियों ने कार्यकारी समिति की टिप्पणियों पर चर्चा की और इस विचार से सहमति जताई कि गिल्ड से अकबर और तेजपाल की सदस्यता निलंबित की जानी चाहिए। गिल्ड ने फैसला किया कि गौतम अधिकारी की सदस्यता पर निर्णय करने से पहले वह उनका जवाब मांगेगी।

आपको बता दें कि भारत में जारी ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) के लपेटे में आए एम.जे.अकबर पर दर्जनों महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। यह सभी आरोप सामने आने के बाद एमजे अकबर को विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

Previous articleजानिए क्यों, कांग्रेस नेता कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने की खबर पर भड़के बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा
Next articleCBI के अनुरोध पर इंटरपोल ने मेहुल चौकसी के खिलाफ जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस