पिता लालू यादव के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं तेजस्वी यादव

0

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की ‘बिगड़ती’ तबीयत को लेकर काफी चिंतित हैं। तेजस्वी ने सोमवार (20 अगस्त) को कहा कि वह अपने पिता लालू प्रसाद यादव की ‘बिगड़ती’ तबीयत को लेकर चिंतित हैं। बता दें कि लालू यादव का एक सप्ताह से अधिक समय से मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में इलाज चल रहा है।

तेजस्वी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा, ‘मैं कई बीमारियों के कारण मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती अपने बीमार पिता को देखने गया था। उनका बिगड़ता स्वास्थ्य और बढ़ते संक्रमण को देखकर व्याकुल हूं। प्रार्थना करिए कि वह जल्द स्वस्थ हों। विशेषज्ञ डॉक्टर चौबीसों घंटे उनकी निगरानी कर रहे हैं।’

बता दें कि लालू इन दिनों जमानत पर बाहर हैं। चारा घोटाला मामले में जमानत मिलने से पहले उनका इलाज रिम्स रांची में चल रहा था, लेकिन रिम्स के डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया जिसके बाद लालू प्रसाद यादव को एम्स में भर्ती कराया गया था। अदालत द्वारा जमानत मिलने के बाद वो मुंबई गए जहां उनका इलाज चल रहा है। रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें चारा घोटाले के तीन अलग-अलग मामलों में दोषी करार देकर सजा सुनाई है।

Previous articleप्रधानमंत्री की बहुचर्चित फसल बीमा योजना के ब्योरे से किसान अनजान: सर्वे
Next articleमोदी जी, दखलअंदाजी बंद कीजिए या फिर PM छोड़कर दिल्ली के CM बन जाइए: अरविंद केजरीवाल