उत्तर प्रदेश: ATS के एडिशनल एसपी राजेश साहनी ने ऑफिस में की खुदकुशी

0

उत्तर प्रदेश के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के एडिशनल एसपी राजेश साहनी ने आज अपने कार्यालय में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर खुदखुशी कर ली। इस घटना से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है, सूचना मिलने पर सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

फाइल फोटो- राजेश साहनी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनका शव मंगलवार(29 मई) को एटीएस के हेडक्वॉर्टर में उनके कमरे में मिला। जिस कमरे में उन्होंने खुद को गोली मारी, उसे सील कर दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, उनके कमरे की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसके कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार ने बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक राजेश साहनी ने सरकारी हथियार से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। उन्होंने अपने कार्यालय में दोपहर लगभग पौने एक बजे खुदकुशी कर ली। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 1992 बैच के पीपीएस सेवा में चुने गए राजेश साहनी 2013 में अपर पुलिस अधीक्षक बने थे। वह मूलतः बिहार के पटना के रहने वाले थे। 1969 में जन्मे राजेश साहनी ने एमए राजनीति शास्त्र से किया था। राजेश साहनी ने बीते सप्ताह आईएसआई एजेंट की गिरफ्तारी समेत कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया था।

राजेश साहनी की गिनती तेज तर्रार अधिकारियों में होती है। वह एटीएस में एएसपी के पद पर तैनात था। गोमती नगर स्थित हेडक्वॉर्टर में उनका ऑफिस था। उन्होंने कई आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा एटीएस में रहते हुए साहनी ने कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया था।

Previous articleSeven including three minors arrested for killing orphan dressed as Goddess Kali in Delhi
Next articleदिल्ली: ‘मां काली’ जैसे कपड़े पहनकर जा रहे अनाथ युवक को चाकुओं से गोदकर ले ली जान, सात गिरफ्तार