लगभग तीन माह तक चले धुआंधार प्रचार के बाद कर्नाटक की 224 में से 222 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से पोलिंग बूथों पर मतदान के लिए लोगों की भीड़ दिख रही है। इसके साथ ही सत्ता के तीन बड़े दावेदारों मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा। 224 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 2 सीटों पर मतदान स्थगित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के राजाराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट पर चुनाव टाल दिया है क्योंकि क्षेत्र में एक अपार्टमेंट से बड़ी तादाद में मतदाता पहचान पत्र बरामद हुए थे। इस सीट पर अब 28 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा बीजेपी उम्मीदवार तथा निवर्तमान विधायक बी एन विजय कुमार के निधन के कारण बेंगलुरू के जयनगरा विधानसभा सीट पर मतदान नहीं हो रहा है।
बीजेपी ने सिर्फ एक बार 2008 से 2013 तक कर्नाटक में शासन किया था। बीजेपी ने 2008 में 110 सीटें जीती थीं। जबकि कांग्रेस ने 80, जेडीएस ने 28 और अन्य ने 6 सीटें जीती थीं। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए 200 महिलाओं समेत कुल 2600 उम्मीदवार मैदान में है।
प्रदेश के 2018 के मतदाता सूची के अनुसार राज्य में कुल पांच करोड़ छह लाख 90 हजार से अधिक मतदाता हैं जिनमें दो करोड़ 56 लाख 75 हजार से अधिक पुरूष मतदाता जबकि दो करोड़ 50 लाख नौ हजार से अधिक महिला मतदाता हैं। प्रदेश में पांच हजार से अधिक ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रदेश में 58 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 12002 मतदान केंद्र ‘‘ संवेदनशील ’’ हैं जहां साढे तीन लाख मतदानकर्मियों को तैनात किया गया है। मतदान के लिए विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह शाम छह बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 15 मई को होगी।
चुनाव में जंगली क्षेत्रों की सीमावृत्ति और हाथी क्षेत्रों में मतदाताओं की मदद के लिए रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है। इन 30 मार्गों से बड़ी संख्या में हाथी गुजरते हैं। राज्य में 4.98 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो 2600 से अधिक उम्मीदवारों के बीच से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
जानिए हर अपडेट्स:-
- शाम 5 बजे तक रिकॉर्ड 61.25 प्रतिशत हुआ मतदान
- दोपहर 3 बजे तक 56 प्रतिशत हुआ मतदान।
- मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चामुंडेश्वरी में किया मतदान। वह चामुंडेश्वरी और बादामी निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं।
- दोपहर 1 बजे तक 37 प्रतिशत हुआ मतदान।
- कांग्रेस ने चुनाव के बीच पीएम नरेंद्र मोदी के नेपाल दौरे और मंदिर में दर्शन को लेकर सवाल भी उठाया है। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि कर्नाटक में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नेपाल के मंदिरों में प्रार्थना करने की योजना बनाई। यह लोकतंत्र के लिए एक अच्छी प्रवृत्ति नहीं है। उन्होंने आज का ही दिन इसके लिए क्यों चुना?
- पूर्व दिग्गज क्रिकेटर व कर्नाटक राज्य चुनाव के ब्रैंड एम्बेसेडर राहुल द्रविड़ ने अपने मताधिकार का किया प्रयोग
- बेंगलुरू में वोट डालने के बाद पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले ने परिवार के साथ ट्विटर पर शेयर किया फोटो
- सुबह 11 बजे तक 24 प्रतिशत हुआ मतदान।
- सुबह 9 बजे तक 10.6 प्रतिशत हुआ मतदान।
- बीजेपी के बी श्रीमालू ने अपना वोट देने से पहले गौ पूजन किया। वह बदामी से वर्तमान सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ मैदान में हैं।
- केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा ने पुत्तुर में किया मतदान
- बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार बी.एस. येदियुरप्पा ने शिमोगा के शिकारपुर में वोट डाला
- कर्नाटक की 224 में से 222 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।