त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: 59 सीटों पर वोटिंग जारी, PM मोदी ने की रिकार्ड संख्या में मतदान करने की अपील

0

त्रिपुरा में रविवार (18 फरवरी) सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम चार बजे तक चलेगा। 3,214 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। इन चुनावों में कुल 307 उम्मीदवार दौड़ में हैं। त्रिपुरा विधानसभा की 60 में से 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। चरीलम विधानसभा सीट से माकपा के उम्मीदवार रामेंद्र नारायण देब बर्मा की पांच दिन पहले हुई मौत के कारण इस सीट पर चुनाव 12 मार्च को होगा।

Photo: firstpost.com

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है, मैं त्रिपुरा के मेरी बहनों और भाइयों से, खासकर युवा मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे रिकार्ड संख्या में मतदान करें और विधानसभा चुनावों में अपना वोट डालें। बता दें कि इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और वामदल के बीच माना जा रहा है।

पिछले 25 सालों से वाम दल त्रिपुरा की सत्ता पर काबिज है। राज्य के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने पांचवी बार फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज होने के मकसद से धुआंधार प्रचार किया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूरे दमखम से इस चुनाव में सत्तारुढ़ वामदल को टक्कर देने के मकसद से उतरी है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राज्य में चार रैलियों को संबोधित किए जाने के साथ ही भाजपा ने यहां जमकर प्रचार-प्रसार किया है। इस प्रचार में भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए।

पांचवी बार मुख्यमंत्री बनने की दौड में शामिल माणिक सरकार ने माकपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करते हुए राज्य में करीब 50 रैलियों को संबोधित किया। सीताराम येचुरी और बृंदा करात जैसे अन्य वामपंथी नेताओं ने भी पार्टी के इस अभियान का समर्थन किया।

वहीं कांग्रेस का प्रचार अभियान कुछ हल्का रहा। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रचार के आखिरी दिन उनाकोटी जिले के कैलाशहर में एक रैली को संबोधित किया। इन चुनावों में कुल 307 उम्मीदवार दौड में हैं। माकपा 57 सीटों पर चुनाव लड रही है, जबकि अन्य वामपंथी दल आरएसपी, फॉर्वड ब्लॉक और भाकपा ने एक-एक सीट पर उम्मीदवारी दर्ज कराई है।

कांग्रेस 59 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने गोमती जिले के कावाबोन विधानसभा सीट से किसी भी उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है। 3,214 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ है। शाम चार बजे तक मतदान किए जाएंगे। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी देबाशीष मोडोक ने बताया कि मतों की गिनती तीन मार्च को होगी।

 

 

Previous articleEditor-in-chief of Hindi channel booked by Delhi Police after female employee complains of rape
Next articleसमाचार प्लस चैनल के एडिटर इन चीफ पर बलात्कार का मामला दर्ज, महिला ने लगाया नौकरी का झांसा देकर रेप करने का आरोप