टीम इंडिया के पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर के साथ फोन पर बदतमीजी का मामला सामने आया है। जी हां, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा को अपहरण करने की धमकी देने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने रविवार (7 जनवरी) को गिरफ्तार किया है। आरोपी शख्स सारा को बार-बार फोन कर परेशान और अगवा करने की धमकी दे रहा था।
सचिन की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले इस युवक को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार आरोपी ने सारा को उसकी बात न मानने पर अगवा करने की भी धमकी दी थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव कुमार मैती के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक कॉलेज ड्राप आउट है और बीते कुछ समय से सारा तेंदुलकर को फोन कर परेशान कर रहा था।
पुलिस के अनुसार सचिन तेंदुलकर ने कुछ दिन पहले ही बांद्रा पुलिस को घटना की सूचना देते हुए इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को दी गई शिकायत में सारा ने शिकायत दर्ज कराई है कि देवकुमार मैती नाम का एक शख्स बार-बार उन्हें फोन करके परेशान कर रहा था। इतना ही नहीं, वह उन्हें शादी के लिए प्रपोज भी किया करता था।
पुलिस के मुताबिक उसने कहा था कि अगर सारा ने उससे शादी नहीं की तो वह उसे अगवा कर लेगा। धमकी मिलने के बाद सचिन के परिवार ने मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी। इसके बाद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस ने फोन टावर के लोकेशन को ट्रैक करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी शख्स से पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी युवक ने पुलिस को बताया है कि उसने पहली बार सारा को एक मैच के दौरान स्टेडियम में बैठे देखा था। तब से ही वह उसे पसंद आ गई और वह उससे शादी करना चाहता था। उसने पुलिस को बताया कि उसने किसी तरह से सचिन तेंदुलकर के घर का लैंड लाइन नंबर ढूंढ़ा और उसके बाद फोन कर सारा को परेशान करने लगा। आरोपी ने माना कि उसने बीते कुछ दिनों में सारा के फोन पर 20 से ज्यादा बार फोन किया है।



















