मुंबई के लोवर परेल इलाके में स्थित कमला मिल्स परिसर में गुरुवार (28 दिसंबर) देर रात भयंकर आग लगने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 19 अन्य घायल हो गये हैं। बीएमसी आपदा नियंत्रण के एक अधिकारी ने कहा कि देर रात 12.30 बजे कमला ट्रेड हाउस में रूफटॉप रेस्तरां पब बिस्ट्रो द मोजो में आग लगने की खबर मिली। आग तेजी से आसापास मौजूद एक अन्य पब और एक रेस्तरां में फैल गई।
PHOTO: HTघायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर है। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मरने वालों में ज्यादातर 22 से 30 साल के लोग हैं। मरने वालों में 12 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर है। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
अधिकांश पीड़ितों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दमकल कर्मचारी 10 अन्य लोगों को आग की चपेट में आने से बचाने में कामयाब रहे। मामले में पुलिस ने रेस्तरां के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (IPC की धारा 304) के तहत एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि मध्य मुंबई में इमारत की तीसरी मंजिल पर देर रात करीब 12.30 बजे आग लगी और जल्द ही पूरी तरह फैल गई।
PHOTO: Reutersबता दें कि हाल में खुला टेरेस बार ‘लंडन टैक्सी’ मुंबई युवाओं में बेहद लोकप्रिय है। दूसरी मंजिल की खुली छत को कुछ दिनों पहले ही ढंका गया था। निर्माण कार्य के बाद काफी बेकार लकड़ी भी पड़ी हुई थी और संभवतः आग इसलिए बढ़ गई। शुक्रवार और शनिवार की रात इस पब में प्रवेश के लिए लंबी लाइन लगती है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “मुंबई में लगी आग की दुखद खबर मिली। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं तथा घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव अभियान और दमकल विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करता रहता हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “मुंबई आग हादसे से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” बीएमसी के आपदा प्रबंधन इकाई के अधिकारियों ने बताया कि घायलों को केईएम और सियोन अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि कई दमकल गाड़ियां, पानी के टैंकर, एम्बुलेंस और पुलिस दस्ते बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। सुबह करीब 6.30 बजे आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
मध्य मुंबई में स्थित इस इमारत में होटल सहित कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। मुंबई पुलिस ने आग लगने के लिए पब के मालिक पर लापरवाही एवं अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आग संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।