सोनू पंजाबन को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में किया गिरफ्तार

0

दिल्ली क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने सेक्स रैकेट संचालिका गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उसे 13 साल की किशोरी को कई लोगों को बेचने और वेश्यावृत्ति कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 2014 में मामला दर्ज कराने के बाद से पीड़िता लापता हो गई थी, इस वजह से मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।

परिजनों की सूचना पर नजफगढ़ थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की, लेकिन लड़की का पता नहीं चल पाया। किशोरी का पता न चलने पर तफ्तीश 2017 के शुरुआती माह में अपराध शाखा को सौंप दी गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने सोनू की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। शाखा के अधिकारी के मुताबिक एक सूचना पर सेल के एसीपी संदीप लांबा की टीम ने नाबालिग को ढूंढ़ निकाला और फिर उसके बयान के बाद सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़िता अब बालिग हो चुकी है। उसके साथ बलात्कार करने वाले कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है, अपराध शाखा उन्हें भी गिरफ्तार करेगी। पुलिस के मुताबिक, 16 साल पहले देह व्यापार के धंधे में आई सोनू पंजाबन के दिल्ली में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी ठिकाने हैं।

नवभारत टाइम्स की ख़बर के मुताबिक, डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले यह केस जांच के लिए उन्हें सौंपा गया था। क्राइम ब्रांच के लिए पहली चुनौती पीड़ित लड़की को खोजने की थी। इसके लिए एसीपी संदीप लांबा की देखरेख में एक टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने गहन छानबीन के बाद 22 नवंबर को शाहदरा इलाके से पीड़ित लड़की को ढूंढ निकाला। लड़की की काउंसिलिंग कराने के बाद लड़की को उसके परिवार वालों के हवाले कर दिया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की ने पुलिस को बताया कि सोनू पंजाबन सहित दूसरे दलालों ने उससे दिल्ली के अलावा यूपी और हरियाणा में जबरन देह व्यापार कराया। लड़की से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सोनू पंजाबन को गिरफ्तार कर लिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उसके खिलाफ जबरन देह व्यापार, देह व्यापार के लिए बेचने, रेप और प्रताड़ना सहित दूसरी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने रविवार को पंजाबन को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया, उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी पंजाबन से पूछताछ की जानी है।

Previous articleयोगी के मंत्री का विवादित बयान, कहा- ‘बाटी-चोखा कच्चा वोट, दारू मुर्गा पक्का वोट’
Next articleSubramanian Swamy says no NDA leaders turn up to pay tribute to Hindu Mahsabha founder Madan Mohan Malaviya