मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक विधायक ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के इटली में शादी करने पर उनकी देशभक्ति पर ही सवाल उठा दिया है। बीजेपी विधायक ने कहा कि दोनों (कोहली-अनुष्का) को भारत में ही किसी स्थान को विवाह संस्कार के लिए चुनना चाहिए था। गुना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक पन्ना लाल शाक्य ने कहा विदेश में विवाह करना राष्ट्रभक्ति नहीं है।न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक विधायक पन्ना लाल ने पूछा कि, ‘विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने भारत में शादी क्यों नहीं की? ऐसी क्या जरूरत थी कि दोनों ने इटली जाकर शादी की। पन्ना लाल ने आगे कहा कि, ‘उन्हें लाखों लोग चाहते हैं, वे दुनिया में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, फिर उन्होंने भारत में शादी क्यों नहीं की?’
He is loved by millions, he represents India on the world stage, why did he not hold his wedding ceremony in India? This is not 'rashtra bhakti': Panna Lal, Madhya Pradesh BJP MLA pic.twitter.com/MsCD87U4qM
— ANI (@ANI) December 19, 2017
सोशल मीडिया पर शाक्य का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो कहते दिख रहे हैं कि विराट ने पैसा भारत में कमाया, लेकिन विवाह संस्कार करवाने के लिए उन्हें हिन्दुस्तान में कहीं जगह नहीं मिली। हिन्दुस्तान इतना अछूत है।’ उन्होंने कहा कि, ‘भगवान राम, भगवान कृष्ण, विक्रमादित्य, युधिष्ठिर का विवाह इसी भूमि पर हुआ है। आप सबके भी हुए होंगे या होने वाले होंगे। मगर हममें से विवाह करने के लिए कोई विदेश नहीं जाता।
लेकिन उन्होंने (विराट-अनुष्का) विदेश में जाकर शादी की। वो अरबों रुपए यहां से कमाता है, शोहरत कमाता है और फिर चला जाता है विदेश में सैर करने और शादी करने। भारत की भूमि की उनके (विराट) लिए कोई मान नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि वह राष्ट्रभक्त नहीं हैं। बीजेपी विधायक ने कहा कि, ‘वह हमें कैसे प्रेरणा दे सकते हैं, क्योंकि हम सभी उन लोगों से प्रेरणा लेते हैं, जो देश के प्रति वफादार होते हैं। यही बात उनकी पत्नी (अनुष्का शर्मा) के लिए भी लागू होती है।’
गौरतलब है कि भारत के सबसे चर्चित प्रेमी जोड़े फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने शादी को लेकर जारी अटकलों को खत्म करते हुए 11 दिसंबर को लिए एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। दोनों ने इटली के टस्कने में अपने परिवार के लोगों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए।