देश में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत पर चल रहें सियासत घमासान के बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर नगर निगम की तर्ज पर अब भोपाल नगर निगम में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए रोज सुबह राष्ट्रगान और शाम को राष्ट्रगीत गाना अनिवार्य किया जा सकता है। जल्द ही इस संबंध में नगर निगम परिषद की बैठक में प्रस्ताव पेश किया जायेगा।
प्रतिकात्मक फोटोन्यूज़ एजेंसी भाषा की ख़बर के मुताबिक, भोपाल के महापौर आलोक शर्मा ने बुधवार को पीटीआई (भाषा) को बताया कि हम इस मामले में जयपुर नगर निगम द्वारा की गयी पहल का स्वागत करते हैं। इसे हम यहां लागू करने के बारे में विचार कर रहे हैं।
इस पर पार्षदों व महापौर परिषद से चर्चा कर नगर निगम परिषद की बैठक में प्रस्ताव पेश किया जायेगा और परिषद की मंजूरी के बाद इसे निगम के सभी कार्यालयों में लागू किया जायेगा।
शर्मा ने कहा कि जयपुर नगर निगम का यह कदम स्वागत योग्य है। इससे कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम की भावना बढेगी और कार्यस्थल का वातावरण बेहतर होगा। हमारे लिये देश सबसे पहले है और इस तरह की पहल का स्वागत किया जाना चाहिए, जल्दी ही इस मामले में अंतिम निर्णय लिया जायेगा।
बता दें कि, जयपुर नगर निगम में मंगलवार से अधिकारियों और कर्मचारियों को नया आदेश जारी किया है, आदेश के अनुसार नगर निगम के सभी अधिकारियों को सुबह के वक्त राष्ट्रगान और ड्यूटी खत्म होने के बाद शाम के वक्त राष्ट्रगीत गाना होगा।