देश में लाइसेंसी बंदूक रखने के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। जी हां, यूपी में में 12.77 लाख लोगों के पास हथियार रखने का लाइसेंस है। यह राज्य बंदूकों के लाइसेंसों वाले प्रदेशों की लिस्ट में सबसे ऊपर है। 31 दिसंबर 2016 तक के यह आंकड़े गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए हैं।
नवभारत टाइम्स की खबर के अनुसार गृह मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर 2016 तक देश में बंदूकों के जारी लाइसेंस की संख्या 33,69,444 है। इनमें बंदूक रखने के सबसे ज्यादा लाइसेंस उत्तर प्रदेश में है, जहां पर 12,77,914 लोगों के पास हथियार हैं। ज्यादातर लोगों ने निजी सुरक्षा के नाम पर लाइसेंस लिए हैं।
साल 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी की जनसंख्या 19,98,12,341 है। यानी लगभग 156 लोगों में से एक के पास हथियार है। लाइसेंसी हथियार रखने के मामले में देश में दूसरे नंबर पर जम्मू-कश्मीर है। यहां 3,69,191 लोगों के पास बंदूक के लाइसेंस हैं।
जम्मू-कश्मीर की जनसंख्या 1,25,41,302 है। यानी इस राज्य में तकरीबन हर 33 लोगों में से एक व्यक्ति को हथियार रखने की इजाजत है। जनसंख्या के अनुपात में देखा जाए तो जम्मू-कश्मीर में यूपी से ज्यादा हथियार हैं। क्योंकि जम्मू-कश्मीर में हर 33 में से एक के शख्स के पास हथियार है, वहीं यूपी में 156 लोगों में से एक के पास हथियार है।
पंजाब हथियार रखने के मामले में तीसरे नंबर पर है। यहां 3,69,191 लोगों के पास बंदूक है। राज्य की आबादी के मुताबिक हर 77 लोगों में से एक के पास हथियार है। इनमें से ज्यादातर लाइसेंस राज्य में आतंकवाद के दो दशकों के दौरान जारी किये गये थे। साल 2011 की जनगणना के मुताबिक, पंजाब की कुल आबादी 2 करोड़ 77 लाख 43 हजार 338 है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके बाद मध्य प्रदेश में 2 लाख 47 हजार 130 और हरियाणा में 1 लाख 41 हजार 926 लोगों के पास बंदूक रखने का लाइसेंस है। अन्य राज्यों में राजस्थान में (1,33,968 लाइसेंस), कर्नाटक (1,13,631), महाराष्ट्र (84,050), बिहार (82,585), हिमाचल प्रदेश (77,069), उत्तराखंड (64,770), गुजरात (60,784) और पश्चिम बंगाल (60,525) हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में लाइसेंसशुदा बंदूकधारियों की संख्या 38,754 है जबकि नगालैंड में 36,606, अरूणाचल प्रदेश में 34,394, मणिपुर में 26,836, तमिलनाडु में 22,532 और ओडिशा में 20,588 लाइसेंस जारी किये गये हैं।मंत्रालय के मुताबिक, सबसे कम लाइसेंस केंद्र शासित प्रदेशों दमन और दीव और दादरा और नागर हवेली में जारी किये गए। इन प्रदेशों में केवल 125-125 लाइसेंस जारी किए गए।
अन्य राज्यों की स्थिति
- उत्तर प्रदेश: 12,77,914
- जम्मू-कश्मीर: 3,69,191
- पंजाब: 3,59,349
- मध्य प्रदेश: 2,47,130
- हरियाणा: 1,41,926
- राजस्थान: 1,33,968
- कर्नाटक: 1,13,631
- महाराष्ट्र: 84,050
- बिहार: 82,585
- हिमाचल: 77,069


















