शर्मनाक: राजस्थान के बीकानेर में दिल्ली की महिला के साथ 23 लोगों ने किया गैंगरेप, 6 गिरफ्तार

0

राजस्थान के बीकानेर में दिल्ली की एक महिला को अगवा कर 23 लोगों द्वारा गैंगरेप किए जाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में अभी तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। दरिंदगी की सारी हदें पार करने वाली इस घटना ने सभी को सकते में डाल दिया है।रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने बताया कि वह 25 सितंबर को बीकानेर के रिदमालसर पुरोहित स्थित अपनी जमीन देखने आई थी। पीड़िता के मुताबिक इस दौरान वह दोपहर करीब 2.30 बजे जयपुर रोड पर खाटू श्याम मंदिर के पास दिल्ली वापस लौटने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रही थी। उसी वक्त एक एसयूवी में आए दो लोगों ने उसे अगवा कर लिया।

पीड़िता द्वारा जय नारायण व्यास कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसे अगवा कर गाड़ी में कई घंटों तक घूमाते रहे और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि दो आरोपियों ने कार में उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद उन्होंने छह अन्य लोगों को बुला लिया। इन्होंने भी उसके साथ रेप किया।

पीड़िता ने कहा कि उसे पलाना गांव स्थित सरकारी बिजली उपस्टेशन ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। FIR के अनुसार, दो लोग 26 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसे वहीं फेंक गए जहां से उसे अगवा किया गया था। पुलिस ने 27 सितंबर को दो नामजद और 21 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मामले की जांच कर रहे सीओ राजेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल से कंडोम बरामद किए हैं। साथ ही सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान दर्ज किए गए हैं। महिला की मेडिकल जांच कराई गई है और अभी इसकी रिपोर्ट नहीं आई है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीकानेर पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान सुभाष, राजू राम, भानवर लाल, मनोज कुमार, जुगल और मदन के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र 20 वर्ष से अधिक बताया जा रहा है। पीड़िता महिला ने दो मोबाइल नंबर और एक वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी FIR में दर्ज कराया है।

 

Previous article“Why did girls take her dignity to market?” BHU VC’s shameful statement on girl’s molestation
Next articleप्रद्युमन की हत्या के बाद एक बार फिर विवादों में रयान इंटरनेशनल स्कूल, 10 साल के छात्र को बेरहमी से पिटने का आरोप