MCD चुनाव से पहले पार्टी में घमासान, BJP ने 5 पार्षदों सहित 21 कार्यकर्ताओ को निकाला

0

दिल्ली नगर निगम(MCD) चुनाव से ठीक पहले दिल्ली बीजेपी ने शनिवार(15 अप्रैल) को पांच मौजूदा पार्षदों समेत अपने 21 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इन कार्यकर्ताओं पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के चलते यह कार्रवाई की गई है। इससे पार्टी को 19 सीटों पर नुकसान होने की संभावनाएं बन रही है।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि पांच मौजूदा पार्षदों- डॉक्टर पंकज सिंह (रानहोला), कृष्णा गहलौत (नवादा), प्रवीण राजपूत (सागरपुर पश्चिम), संध्या वर्मा (पटपडगंज) और निक्की सिंह (न्यू अशोक नगर) को पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर निष्कासित कर दिया।

दिल्ली बीजेपी के मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर ने एक बयान में कहा कि पार्टी नेता और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज चौधरी को भी पार्टी-विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी 21 लोगों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

बीजेपी ने इस साल होने वाले नगर निगम चुनावों में किसी भी मौजूदा पार्षद को टिकट नहीं देने का फैसला किया था। पार्टी के एक नेता ने बताया कि करीब 140 पार्षदों में से अधिकतर पार्टी के निर्णय के साथ रहे, लेकिन एक धड़ा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा।

करीब नौ पार्षदों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल किया। पार्टी के इस फैसले के खिलाफ एक दंपत्ति ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के तीन नगर निगमों के 272 वार्डों में 23 अप्रैल को मतदान होना है और 26 अप्रैल को मतगणना होगी।

Previous articleCrisis in BJP ahead of MCD polls as party expel 21 members including 5 councillor
Next articleCBI to get new online system to deal with black money cases