जम्मू-कश्मीर के लद्दाख जिले के बटालिक सेक्टर में हिमस्खलन के चलते सेना की एक पोस्ट धंस गई। इस घटना में पांच सैनिक बर्फ में दब गए हैं, जिनमें से तीन जवान शहीद हो गए हैं। जबकि दो सैनिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
सेना के मुताबिक, गुरुवार(6 मार्च) को पांच जवानों के बर्फ के नीचे दबे होने की खबर मिली थी, जिसमें से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि शुक्रवार(7 मार्च) को तीन के शहीद होने की खबर मिली है। वहीं, काकसर पोस्ट पर हिमस्खलन के बाद फंसे सभी जवानों के सुरक्षित बचा लिया गया है।
भारतीय सेना एक अधिकारी ने बताया कि अभूतपूर्व हिमपात के कारण हिमस्खलन की कई घटनाएं हुईं, जिसमें बटालिक सेक्टर में स्थित एक सैन्य चौकी मलबे के नीचे दब गई। मलबे में दबे पांच जवानों में से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया था। शुक्रवार की सुबह बर्फ में दबे तीन जवानों के शव निकाले गए।
उधर, राज्य के कई इलाकों में भारी बर्फबारी की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। झेलम सहित उसकी सहायक नदियों में कई जगहों पर जल स्तर खतरे के निशान के ऊपर है। सेना ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
बता दें कि पिछले साल 19 मद्रास रेजिमेंट के 10 जवान सियाचिन के ग्लेशियर में हुए हिमस्खलन में दब गए थे और उनमें से 9 शहीद हो गए थे। 8 दिनों तक बर्फ के नीचे दबे रहने के बाद लांस नायक हनुमंतप्पा बच गए थे, यह किसी चमत्कार जैसा था।