नई दिल्ली। गुजरात के कच्छ में हुए नलिया गैंगरेप का मामला अभी ठंडा ही नहीं हुआ कि सूरत में बीजेपी नेता द्वारा पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक, सूरत के पूर्व मेयर राजेंद्र देसाई ने बीजेपी के व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ अश्लील फोटो पोस्ट कर दी।
जिसके बाद शर्मिंदगी के चलते ग्रुप में मौजूद पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने एक-एक करके तुरंत ग्रुप को छोड़ दिया। हालांकि, यह खबर मीडिया में आने के बाद भाजपा ने इस ग्रुप को ही फौरन डिलीट कर दिया।
मामला बढ़ता देख राजेंद्र देसाई ने सफाई देते हुए कहा कि वह तस्वीरें उन्होंने ग्रुप में नहीं भेजी थी। दरअसल, तकनीकी खराबी के चलते उनके नंबर से ग्रुप में फोटो पोस्ट हो गए। पूर्व मेयर ने कहा कि उन्होंने खुद ही ग्रुप को डिलीट कर दिया है।
दरअसल, बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देने के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया था। इस ग्रुप में बीजेपी की कई महिला कार्यकर्ता भी सक्रिय थीं। लेकिन, देसाई ने महिला कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर ग्रुप में कुछ अश्लील तस्वीरें भेज दी। जिसे लेकर बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की है।