उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के फायरब्रांड नेता व गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ का अब राज होगा। आदित्यनाथ ने रविवार(19 मार्च) को यूपी के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। लखनऊ स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
योगी आदित्यनाथ राज्य के 21वें मुख्यमंत्री बने हैं। साथ ही प्रदेश पार्टी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और पार्टी उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इस दौरान योगी की कैबिनेट में दो डिप्टी सीएम, 9 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 13 राज्य मंत्रियों सहित कुल 46 मंत्रियों ने शपथ ली। मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री को शामिल कर कुल 17 ओबीसी, 6 अनुसूचित जाति (एससी), 7 ठाकुर, 8 ब्राह्मण, 8 कायस्थ-वैश्य, 2 जाट और 1 मुस्लिम की यूपी मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी है।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे। साथ ही मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, नितिन गडकरी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और चंद्रबाबू नायडू सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इससे पहले शनिवार(18 मार्च) को पार्टी विधायक दल की बैठक में योगी को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुना गया।
आइए जानते हैं योगी आदित्यनाथ के बारे में कुछ अनसुनी बातें:-
- बता दें कि योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड (तब उत्तर प्रदेश का हिस्सा था) में हुआ था। सबसे दिलचस्प बात यह है कि योगी आदित्यनाथ का असली नाम अजय सिंह नेगी है।
- पूर्वांचल के राजनीति में माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले योगी आदित्यनाथ गढ़वाल विश्विद्यालय से गणित में बीएससी किए हैं।
- योगी आदित्यनाथ के नाम सबसे कम उम्र में सांसद बनने का रिकॉर्ड है। उस वक्त उनकी उम्र महज 26 साल थी। उन्होंने पहली बार 1998 में पहली बार लोकसभा का चुनाव जीता था।
- योगी आदित्यनाथ 1998 के बाद 1999, 2004, 2009 और 2014 में भी लगातार लोकसभा का चुनाव जीतते आ रहे हैं।
- गोरखनाथ मंदिर के महंत अवैद्यनाथ ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था, जिसके बाद वे 1998 में राजनीति में आए। और 12 सितंबर 2014 में गोरखनाथ मंदिर के महंत अवैद्यनाथ की मौत के बाद वे यहां के महंत यानी पीठाधीश्वर चुन लिए गए।
- योगी आदित्यनाथ भाजपा के सांसद होने के साथ-साथ अपना एक हिंदू युवा वाहिनी नाम का संस्था भी चलाते हैं जिसके वह संस्थापक हैं।
- 2007 में गोरखपुर में दंगे हुए तो योगी आदित्यनाथ को मुख्य आरोपी बनाया गया। और 28 जनवरी 2007 को योगी की गिरफ्तारी भी हुई।
- योगी की गिरफ्तारी के बाद कई जिलों में हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी की घटनाएं हुईं, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई थी। योगी के खिलाफ कई अपराधिक मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं।
- गोरखपुर के इलाके में योगी आदित्यनाथ की कही बातों को उनके समर्थक कथित तौर पर कानून के रूप में पालन करवाते हैं।
- इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आदित्यनाथ के कहने के चलते ही गोरखनाथ मंदिर में कथित तौर पर होली और दीपावली जैसे बड़े त्योहार एक दिन बाद मनाए जाते हैं।
- 2014 में लव जिहाद को लेकर एक वीडियो में कथित तौर पर कहते हुए दिखे कि अगर वे(मुस्लिम) एक हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन कराएंगे तो हम 100 मुस्लिम लड़कियों का धर्मांतरण कराएंगे।
- आदित्यनाथ ने एक बार कहा था कि योग का विरोध करने वालों को भारत छोड़ देना चाहिए।